प्रधानमंत्री मोदी से बड़ा समाजवादी कोई नहीं: राजनाथ सिंह

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर। भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने के लिए केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कानपुर में पार्टी प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे। समाजवादी पार्टी का नाम लेते हुए छावनी विधानसभा क्षेत्र के बाबूपुरवा में संबोधित करते हुए राजनाथ ने कहा कि कथित समाजवादियों में समाजवाद छू तक नहीं गया। मोदी से बड़ा इस देश में …

कानपुर। भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने के लिए केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कानपुर में पार्टी प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे। समाजवादी पार्टी का नाम लेते हुए छावनी विधानसभा क्षेत्र के बाबूपुरवा में संबोधित करते हुए राजनाथ ने कहा कि कथित समाजवादियों में समाजवाद छू तक नहीं गया। मोदी से बड़ा इस देश में कोई समाजवादी नहीं है।

उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस के नेता देश को बदनाम करने में लगे हैं। पर उनके मंसूबों पर यहां की जनता ही पानी फेर देती है। इन पार्टियों के अस्तित्व को ही खतरा उत्पन्न हो गया। उन्होंने कानपुरवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि भाजपा आप सबका विश्वास नहीं टूटने देगी। उन्होंने कहा कि क्या देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बड़ा कोई समाजवादी है। मोदी ने योजनाओं के माध्यम से आम जनता को भय और भूख से मुक्त करने का काम किया।

राजनाथ ने कहा कि खोखले समाजवादियों की चर्चा करना बेकार है। सच्चे अर्थों में समाजवादी तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना संकट में बेरोजगारी की समस्या उत्पन्न हुई जिससे बखूबी निपटा गया। यही नहीं देश के 80 करोड़ लोगों को महीने में दो बार राशन मुफ्त दिया जा रहा है। दुनिया के किसी क्षेत्र में यह देखने को नहीं मिला जो भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर दिखाया।

उन्होंने कहा कि कोरोना काल में लॉकडाउन ने सरकार की कड़ी परीक्षा ली जिसमें हमारी सरकार खरी उतरी और जनसमस्याओं तथा चिकित्सा स्वास्थ्य सेवाओं के चलते कोरोना को हरा दिया। राजनाथ ने सेना के शौर्य पराक्रम की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि भारत रक्षा के मामले में दुनिया के विकसित देशों के बराबर पर खड़ा है। राजनाथ सिंह छावनी क्षेत्र के बाबूपुरवा में भाजपा प्रत्याशी रघुनंदन सिंह भदौरिया के पक्ष में बोल रहे थे।

यह भी पढ़ें: नैनीताल: कड़ाके की ठंड के बाद भीषण गर्मी के लिए रहें तैयार, मार्च शुरू होते ही बढ़ेगा तापमान

संबंधित समाचार