तीसरे चरण में 2.15 करोड़ मतदाता लिखेंगे 627 उम्मीदवारों की किस्मत, अखिलेश समेत इन नेताओं की प्रतिष्ठा लगी दांव पर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में 16 जिलों के 59 विधानसभा क्षेत्रों में रविवार को होने वाले मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। तीसरे चरण में समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव की प्रतिष्ठा दांव पर है। मैनपुरी की करहल सीट से अखिलेश हैं मैदान में अखिलेश मैनपुरी …

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में 16 जिलों के 59 विधानसभा क्षेत्रों में रविवार को होने वाले मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। तीसरे चरण में समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव की प्रतिष्ठा दांव पर है।

मैनपुरी की करहल सीट से अखिलेश हैं मैदान में

अखिलेश मैनपुरी की करहल विधानसभा सीट से चुनाव मैदान पर है जहां उनका मुकाबला भाजपा प्रत्याशी एवं केन्द्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल से है। इसी जिले की भोगांव सीट पर योगी सरकार में आबकारी मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री और कानपुर जिले की महाराजगंज सीट पर औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना किस्मत आजमा रहे हैं। इस चरण में बृज क्षेत्र के पांच जिलों फिरोजाबाद,हाथरस,मैनपुरी,एटा और कासगंज की 19, अवध क्षेत्र के कानपुर, कानपुर देहात,औरैया,फर्रुखाबाद,कन्नौज,इटावा जिले की 27 तथा बुंदेलखंड के पांच जिलों झांसी,जालौन, ललितपुर, महोबा और हमीरपुर की 13 सीटों के लिये 25794 मतदेय स्थल तथा 15557 मतदान केन्द्रों पर सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक वोट डाले जायेंगे।

छह बजे शाम तक वोट डाल सकेंगे मतदाता

छह बजे तक कतार में खड़े लोग वोट डाल सकेंगे। कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच 2.15 करोड़ मतदाता 97 महिला उम्मीदवारों समेत 627 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। कोविड प्रोटाकाल के तहत मतदाता को मास्क पहन कर मतदान केन्द्र पर आयेंगे और उन्हे सामाजिक दूरी का पालन करना अनिवार्य होगा। मतदान पर पैनी निगाह रखने के लिये आयोग ने 52 सामान्य प्रेक्षक,16 पुलिस प्रेक्षक तथा 19 व्यय प्रेक्षक तैनात किये हैं। इसके अलावा 2235 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 273 जोनल मजिस्ट्रेट, 832 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा 3069 माइक्रो ऑब्जर्वर भी तैनात किये गये हैं।

2017 में तीसरे चरण की 59 में से 49 सीट पर जमाया था बीजेपी ने कब्जा

वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में तीसरे चरण की 59 में से 49 सीटों पर भाजपा ने कब्जा जमाया था, जबकि मात्र नौ सीटें सपा और एक सीट पर कांग्रेस जीत सकी थी। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का इस इलाके में खाता भी नहीं खुल सका था। अपने वजूद की लड़ाई लड़ रहे विपक्षी दलों को इस चुनाव में तीसरे चरण वाली सीटों पर खोई जमीन वापस पाने की उम्मीद है वहीं, भाजपा किसी भी कीमत पर इस इलाके में खुद को कमजोर नहीं पड़ने देने की भरपूर कोशिश कर रही है। गौरतलब है कि पहले दो चरण के चुनाव में 20 जिलों की 113 सीटों पर मतदान हो चुका है। इसमें 10 फरवरी को 11 जिलों की 58 सीटों पर और 14 फरवरी को नौ जिलों की 55 सीटों पर मतदान हुआ था।

इटावा की जसवंतनगर सीट से चुनाव लड़ रहे शिवपाल

चर्चित चेहरों वाली अन्य प्रमुख सीटों में सादाबाद,जसवंतनगर,फर्रुखाबाद और कन्नौज सीट शामिल है। सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के भाई शिवपाल सिंह यादव इटावा की जसवंतनगर सीट से सपा के चुनाव चिन्ह पर मैदान में हैं जबकि मुलायम के समधी हरिओम यादव भाजपा के टिकट पर सिरसागंज सीट पर चुनाव लड़ रहे हैं। बसपा के ब्राह्मण चेहरा रहे रामवीर उपाध्याय इस बार सादाबाद से भाजपा के उम्मीदवार हैं।

कन्नौज सुरक्षित सीट से असीम अरुण हैं बीजेपी के उम्मीदवार

हाल ही में भारतीय पुलिस सेवा से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने वाले कानपुर के पुलिस आयुक्त रहे असीम अरुण कन्नौज (सु) सीट से भाजपा के प्रत्याशी हैं। पूर्व मंत्री सलमान खुर्शीद की पत्नी लुइस खुर्शीद फर्रुखाबाद सीट से कांग्रेस प्रत्याशी हैं। कांग्रेस ने 2017 में कानपुर की किदवईनगर सीट पर अजय कपूर और गोविंदनगर सीट पर करिश्मा ठाकुर की बहुत कम मतों से हार के एक बार फिर इस चुनाव में दोनों को उम्मीदवार बनाया है। तीसरे चरण के मतदान वाली 59 सीटों में से लगभग दो दर्जन सीटों पर दलित मतदाता और इतनी ही सीटों पर पिछड़ी जातियों का बाहुल्य हार जीत का फैसला करता है।

यह भी पढ़ें: लखनऊ: यूपी एसटीएफ को मिली सफलता, डेढ़ करोड़ के गांजे के साथ पांच अंतर्राज्यीय तस्करों को किया गिरफ्तार

संबंधित समाचार