रुद्रपुर: बरेली से लाते थे नशे की खेप, 800 रुपये प्रति इंजेक्शन बस्तियों में जाकर बेचते थे आरोपी
रुद्रपुर, अमृत विचार। मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में एडीटीएफ की टीम को बड़ी सफलता मिली है। शनिवार रात एडीटीएफ ने ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के शिवनगर तिराहा से नशे के 273 इंजेक्शनों के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने बिना नंबर बाइक भी बरामद की है। …
रुद्रपुर, अमृत विचार। मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में एडीटीएफ की टीम को बड़ी सफलता मिली है। शनिवार रात एडीटीएफ ने ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के शिवनगर तिराहा से नशे के 273 इंजेक्शनों के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने बिना नंबर बाइक भी बरामद की है। बरामद नशे के इंजेक्शनों की कीमत 50 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
नशे के खिलाफ चलाये गये अभियान के तहत एडीटीएफ टीम को सूचना मिली कि बाइक सवार दो युवक नशे के इंजेक्शन लेकर ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में जा रहे हैं। इस पर टीम ने ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के शिवनगर तिराहा पर चेकिंग शुरू की। इस बीच बिना नंबर की बाइक पर दो संदिग्ध युवक आते हुए दिखे। जिन्हें बाइक रोकने का इशारा किया गया तो वे पुलिस को देखकर बाइक मोड़कर भागने का प्रयास करने लगे। लेकिन पुलिस कर्मियों ने घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से टीम को नशे के 273 इंजेक्शन बरामद हुए, जिनकी कीमत 50 हजार रुपये आंकी गई।
पूछताछ में युवकों ने अपना नाम राजकुमार गंगवार उर्फ शेरा निवासी शिवनगर और सुरेश सागर बताया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से कोर्ट के आदेश पर दोनों को जेल भेज दिया गया। पुलिस टीम में सीओ ऑपरेशन परवेज अली, एडीटीएफ प्रभारी एसआई कमाल हसन, एसओजी प्रभारी एसआई कमलेश भट्ट, सिपाही विनोद कन्याल, जरनैल सिंह, दीपक कठैत, महिला सिपाही कंचन चौधरी, अरुणा चंद आदि शामिल थे।
किशन गंगवार भेजता था इंजेक्शन
रुद्रपुर। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी राजकुमार गंगवार ने बताया कि उनके गिरोह का सरगना रुद्रपुर के खेड़ा निवासी किशन गंगवार है, जो बहेड़ी और वरेली क्षेत्र से रोडवेज की बसों के माध्यम से नशीली दवाइयां व इंजेक्शन भेजता है। इसके बाद वह लोग स्थानीय स्तर पर यहां नशीले इंजेक्शन और दवाइयों को 800 रुपये प्रति सेट के हिसाब से बेचते हैं।
गंगवार को शुक्रवार को गिरफ्तार कर चुकी है पुलिस
रुद्रपुर। पकड़े गये आरोपियों द्वारा बताये गये सरगना किशन गंगवार को पुलिस यूपी के बहेड़ी से बीते शनिवार को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के अनुसार किशन गंगवार पूर्व में जुलाई 2021 से थाना रुद्रपुर के एक अभियोग में फरार चल रहा था। उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। रुद्रपुर पुलिस द्वारा शनिवार को एसओजी की मदद से किशन को यूपी से गिरफ्तार किया गया।
नशे के खिलाफ अभियान के तहत एडीटीएफ टीम ने दो युवकों को नशे के 273 इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार किया गया। उनके सरगना को पुलिस पहले की गिरफ्तार कर चुकी है। टीम का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।- परवेज अली, सीओ ऑपरेशन
