कानपुर के किदवई नगर में ‘आप’ प्रत्याशी रह गए अवाक, पहले ही कोई डाल गया उनका वोट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कानपुर जिले की किदवई नगर विधानसभा सीट पर आम आदमी पार्टी (आप) प्रत्याशी का वोट उनके मतदान केन्द्र पहुंचने से पहले ही किसी ने डाल दिया जिस पर उनकी पुलिस अधिकारियों के साथ नोकझोंक हुयी। आप प्रत्याशी ने किया हंगामा किदवईनगर विधानसभा क्षेत्र में आप प्रत्याशी विवेक द्विवेदी वोट डालने पहुंचे …

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कानपुर जिले की किदवई नगर विधानसभा सीट पर आम आदमी पार्टी (आप) प्रत्याशी का वोट उनके मतदान केन्द्र पहुंचने से पहले ही किसी ने डाल दिया जिस पर उनकी पुलिस अधिकारियों के साथ नोकझोंक हुयी।

आप प्रत्याशी ने किया हंगामा

किदवईनगर विधानसभा क्षेत्र में आप प्रत्याशी विवेक द्विवेदी वोट डालने पहुंचे थे मगर वहां मौजूद मतदान कर्मियों ने उन्हे बताया कि वह तो पहले ही वोट डाल चुके है। हक्के बक्के प्रत्याशी ने फर्जी मतदान का आरोप लगाकर वहां हंगामा करना शुरू कर दिया जिस पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने कहा कि वह अपने पोलिंग एजेंट से पूछिये कि क्या वह उन्हे पहचानता नहीं है। घटना पर विरोध जताते हुये आप सांसद और उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने ट्वीट किया “कानपुर की किदवई नगर विधान सभा से आप प्रत्याशी विवेक द्विवेदी जी का वोट उनके पहुँचने से पहले किसी ने डाल दिया था।

संजय सिंह ने चुनाव आयोग को ट्वीट में किया टैग

जब पहचान पत्र पर फ़ोटो है तो किसी दूसरे ने वोट कैसे डाल दिया। शिकायत करने पर पुलिस की घेराबंदी देखिये।  संजय सिंह ने चुनाव आयोग को भी अपने ट्वीट में टैग किया है। गौरतलब है कि तीसरे चरण के मतदान में किदवईनगर विधानसभा में कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच कांटे की टक्कर का अनुमान व्यक्त किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें: उप्र में तीसरे चरण के मतदान का समय हुआ समाप्त, कहीं-कहीं गड़बड़ मिली ईवीएम

संबंधित समाचार