अमरोहा : रविवार की रात जाम के झाम से राहगीर रहे परेशान, नहीं दिखाई दिए पुलिस कर्मी
अमरोहा, अमृत विचार। रविवार की रात तो शहर जाम के झाम में फंस गया। इससे राहगीरों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बिजनौर रोड पूरी तरह से लंबा जाम लगा रहा। रेलवे लाइन फ्लाईओवर पर भी वाहनों की लाइन लगी रही।इसके अलावा अतरासी रोड पर भी जाम नजर आया। टीपीनगर से लेकर लकड़ा चौराहे …
अमरोहा, अमृत विचार। रविवार की रात तो शहर जाम के झाम में फंस गया। इससे राहगीरों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बिजनौर रोड पूरी तरह से लंबा जाम लगा रहा। रेलवे लाइन फ्लाईओवर पर भी वाहनों की लाइन लगी रही।इसके अलावा अतरासी रोड पर भी जाम नजर आया। टीपीनगर से लेकर लकड़ा चौराहे तक जाम ही जाम रहा। यहां तक की गलियों तक में वाहन फंस गए।इससे काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस दौरान पुलिस कर्मी भी नजर नहीं आए।
रविवार की रात करीब आठ बजे से वाहन की रफ्तार थमनी शुरु हो गई और देखते ही देखते नौ बजे तक अच्छाखास जाम लग गया। लोग जाम में फंस गए और करीब दो घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। अतरासी चौराहे पर भी जाम की वजह से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। जाम इतना कि पैदल चलने वालों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। वाहनों की लंबी लाइन लगी रही।
जाम का सबसे बड़ा कारण खुद वाहन स्वामी भी बनते हैं, क्योंकि जल्दी निकालने के चक्कर में एक दूसरे के सामने वाहन आ जाते है और लाइन लगनी शुरु हो जाती है। इससे जाम की स्थिति बन जाती है। रेलवे फ्लाई ओवर पर भी जाम लगा रहा। अगर रिंग रोड का प्रयोग किया जाए,तो काफी हद तक जाम की समस्या से राहत मिल सकती है।
इन प्वाइंट पर लगता है जाम
टीपीनगर तिराहा, बटवाल तिराहा, अतरासी चौराहा, नत्थे खां की मस्जिद, लकड़ा चौराहा, चूना भटटी, आजाद रोड, मंडी चौब, तहसील तिराहा,
पुलिस कर्मियों की चुनाव में डयूटी लगी है। जिसके चलते फोर्स कम हो गया। इसके अलावा रात्रि आठ बजे से नोएंट्री खुल जाती है। शादी विवाह की वजह से भी जाम की स्थिति बन जाती है,क्योंकि अधिकांश बैंकट हाल जोया और बिजनौर रोड पर ही हैं।इनके पास पार्किंग की व्यवस्था नहीं है और वाहन सड़क किनारे ही खड़े रहते हैं। इनको कई बार नोटिस भी दिए गए हैं। अब पीआरडी के जवानों की मांग की है। इनके मिलने से काफी राहत मिलेगी और चुनाव में गया फोर्स भी वापस आ जाएगा। जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए रणनीति बनाई जाएगी। धर्मेंद्र खोखर, यातायात निरीक्षक
