मुरादबाद : अंतरराज्यीय कार चोर गैंग का पर्दाफाश, एक गिरफ्तार, तीन फरार
मुरादाबाद/ठाकुरद्वारा, अमृत विचार। कोतवाली पुलिस ने सोमवार को अंतरराज्यीय कार चोर गैंग का पर्दाफाश कर एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। वह चोरी की कार बेचने जा रहा था। आरोपी के पास से बरेली, अमरोह व दिल्ली से चोरी की गई तीन कार बरामद की हैं। गैंग में क्षेत्र के शरीफनगर के तीन व दिल्ली …
मुरादाबाद/ठाकुरद्वारा, अमृत विचार। कोतवाली पुलिस ने सोमवार को अंतरराज्यीय कार चोर गैंग का पर्दाफाश कर एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। वह चोरी की कार बेचने जा रहा था। आरोपी के पास से बरेली, अमरोह व दिल्ली से चोरी की गई तीन कार बरामद की हैं। गैंग में क्षेत्र के शरीफनगर के तीन व दिल्ली निवासी एक आरोपी है। गैंग के तीन आरोपी अभी फरार हैं।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार को सूचना मिली कि नगर के काशीपुर रोड स्थित नूर करीम होटल के पास कुछ लोग चोरी की कार बेचने के लिए खड़े हैं। पुलिस ने वहां छापा मारकर गैंग को घेरकर एक को दबोच लिया। जबकि दो आरोपी चकमा देकर भाग गए। कार समेत पकड़े गए आरोपी को पुलिस थाने ले आई। बताया कि उसकी तलाशी लेने पर 315 बोर का तमंचा व कारतूस बरामद हुए।
आरोपी से पुलिस ने पूछताछ की तो उसने अपनी पहचान थाना क्षेत्र के शरीफनगर गांव निवासी परवेज उर्फ मुन्ना पुत्र राईस अहमद के रूप में कराई। उसकी निशानदेही पर नगर के बहेड़ावाला में छिपाकर रखी गई चोरी की दो कार और बरामद की। उसने पुलिस को बताया कि बरामद स्विफ्ट कार को 18 फरवरी को दिल्ली के शरकरपुर से चोरी किया था। दूसरी सेंटरों कार अमरोहा के राहुल गुप्ता पुत्र रामलाल गुप्ता की है। बरामद हुई तीसरी सबरोल वीट कार रायबरेली निवासी अग्रसेन प्रताप सिंह पुत्र अमर सिंह की है। पुलिस ने छह नंबर प्लेट भी बरामद की हैं।
चेचिस व रजिस्ट्रेशन नंबर बदलकर बेचते थे
परवेज ने फरार साथियों की पहचान शरीफनगर के ही अहमद और मोहम्मद कासिम पुत्रगण नसीम और जनता मजदूर कालोनी वेलक पूर्वोत्तर दिल्ली निवासी खलील अहमद उर्फ पहलवान पुत्र पुत्र सगीर अहमद के रूप में कराई है। उसने बताया कि वह चोरी की कारों के चेचिस व रजिस्ट्रेशन नंबर बदलकर बेचते थे। इस धंधे को वह काफी समय से कर रहे हैं। यूपी के विभिन्न जिलों के अलावा दिल्ली समेत कई राज्यों में घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। उप निरीक्षक आदेश कुमार ने बताया कि गैंग के चारों सदस्यों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी का चालान कर दिया है।
