अमरोहा : ग्रामीणों ने कोतवाली में किया हंगामा, आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हसनपुर/ अमरोहा/अमृत विचार। छात्र को मारपीट कर अधमरा करने वाले आरोपियों का शांति भंग में चालान किये जाने से गुस्साये परिजनों ने ग्रामीणों के साथ कोतवाली में घंटों तक हंगामा किया। उन्होंने आरोपियों पर घायल छात्र के मेडिकल के आधार पर मुकदमा दर्ज किये जाने की मांग की। छात्र के परिजनों ने पुलिस पर आरोपियों …

हसनपुर/ अमरोहा/अमृत विचार। छात्र को मारपीट कर अधमरा करने वाले आरोपियों का शांति भंग में चालान किये जाने से गुस्साये परिजनों ने ग्रामीणों के साथ कोतवाली में घंटों तक हंगामा किया। उन्होंने आरोपियों पर घायल छात्र के मेडिकल के आधार पर मुकदमा दर्ज किये जाने की मांग की। छात्र के परिजनों ने पुलिस पर आरोपियों के साथ हमसाज होने का आरोप भी लगाया।

थाना सैदनगली क्षेत्र के गांव राजा नागल निवासी सुमित पुत्र सुरेंद्र चौहान कक्षा 12 का छात्र है। 18 फरवरी को वह नगर के मोहल्ला राजपूत कॉलोनी में ट्यूशन पढ़ने के लिए आया था। इस दौरान किसी बात को लेकर उसका विशाल ग्राम चकोरी, रिशिब ग्राम नसीरपुर व अमन पुत्र सुरेश से विवाद हो गया। इस पर तीनों साथियों ने मिलकर सुमित पीटकर अधमरा कर दिया और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गये थे।

छात्रों की मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हुआ और क्षेत्र में चर्चा का विषय रहा। गंभीर अवस्था में छात्र सुमित को चिकित्सकों ने मेरठ के लिए रेफर कर दिया था। जहां वह वेंटिलेटर पर है। आरोप है कि पुलिस ने मारपीट करने वाले युवकों का शांति भंग में चालान कर दिया। इसको लेकर घायल छात्र के परिजनों में गुस्सा भर गया तथा वह ग्रामीणों के साथ सैकड़ों की संख्या में एकत्र होकर कोतवाली पहुंच गये। वहां पर उन्होंने हंगामा करना शुरू कर दिया। उनका कहना था कि पुलिस मेडिकल के आधार पर मुकदमा दर्ज करे तथा आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाये।

ग्रामीणों का गुस्सा सातवें आसमान पर था। लेकिन, कुछ लोगों ने यह कहते हुए धरने पर नहीं बैठने दिया कि पुलिस ने हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। इस दौरान घंटों तक कोतवाली के गेट पर अफरातफरी का माहौल बना रहा। घायल छात्र के परिजनों का आरोप था कि पुलिस आरोपियों के साथ मिली हुई है। इसलिए कोई भी कार्रवाई नहीं की गई। वरिष्ठ सब इंस्पेक्टर संजीव मलिक ने कहा कि  कुछ दिन पूर्व दो छात्रों में झगड़ा हो गया था। दोनों की तरफ से एनसीआर दर्ज है। घायलों के मेडिकल के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार