इराक ने कुवैत पर 1990 के हमले में हुए नुकसान की भरपाई पूरी की : संयुक्त राष्ट्र
संयुक्त राष्ट्र। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने इराक द्वारा कुवैत पर 1990 के हमले के पीड़ितों को मुआवजा देने की आवश्यकता को खत्म करने के पक्ष में मंगलवार को सर्वसम्मति से मतदान किया। बगदाद, 15 लाख दावेदारों को 50 अरब डॉलर से अधिक मुआवजा दे चुका है। जिनेवा में संयुक्त राष्ट्र में आयरलैंड के राजदूत …
संयुक्त राष्ट्र। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने इराक द्वारा कुवैत पर 1990 के हमले के पीड़ितों को मुआवजा देने की आवश्यकता को खत्म करने के पक्ष में मंगलवार को सर्वसम्मति से मतदान किया। बगदाद, 15 लाख दावेदारों को 50 अरब डॉलर से अधिक मुआवजा दे चुका है।
जिनेवा में संयुक्त राष्ट्र में आयरलैंड के राजदूत और संयुक्त राष्ट्र मुआवजा आयोग के गवर्निंग बोर्ड के अध्यक्ष माइकल गाफे ने मतदान के बाद परिषद को बताया कि इस संस्था का काम ”संयुक्त राष्ट्र और प्रभावी बहुपक्षवाद के लिए” ऐतिहासिक रहा है। उन्होंने कहा, ”आयोग में 352 अरब डॉलर के मुआवजे की मांग को लेकर 27 लाख दावे प्राप्त हुए और 15 लाख दावाकर्ताओं को 52.4 अरब डॉलर की धनराशि दी गयी।”
प्रथम खाड़ी युद्ध में अमेरिका के नेतृत्व वाले गठबंधन द्वारा सद्दाम हुसैन की सेना को हराने तथा कुवैत को मुक्त कराने के बाद संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने 1991 में एक प्रस्ताव स्वीकार किया जिसमें इराक को अपने तेल निर्यात से होने वाली आय के एक हिस्से से इस युद्ध के पीड़ितों को मुआवजा देना था। गाफे ने कहा कि गवर्निंग बोर्ड ने शनिवार को अंतिम फैसले में यह घोषणा की कि इराक की सरकार ने कुवैत पर हमले के कारण हुए नुकसान की भरपायी के लिए अपनी अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं को पूरा कर दिया है।
