बरेली: प्रेम-विवाह के बाद प्रेमिका के परिजनों ने दी हत्या की धमकी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। अंतरजातीय प्रेम-विवाह करने पर युवती के परिजन जान के दुश्मन बन बैठे हैं। हत्या की धमकी मिलने पर प्रेमी ने परिवार के साथ गांव छोड़ दिया है। दोनों को अनहोनी का डर सता रहा है। नवदंपति ने आला अफसरों से शिकायत कर सुरक्षा की गुहार लगाई है।बहेड़ी थाना क्षेत्र के सीकरी के आंचल …

बरेली,अमृत विचार। अंतरजातीय प्रेम-विवाह करने पर युवती के परिजन जान के दुश्मन बन बैठे हैं। हत्या की धमकी मिलने पर प्रेमी ने परिवार के साथ गांव छोड़ दिया है। दोनों को अनहोनी का डर सता रहा है। नवदंपति ने आला अफसरों से शिकायत कर सुरक्षा की गुहार लगाई है।बहेड़ी थाना क्षेत्र के सीकरी के आंचल उर्फ बेबी व आकाश एसएसपी कार्यालय पहुंचे।

आंचल ने बताया कि उन्होंने पड़ोस में ही रहने वाले आकाश से प्रेम विवाह किया है। इसकी वजह से उसके परिजन जान के दुश्मन बन गए हैं। प्रेमिका के परिजनों की डर से प्रेमी के पिता व उनके चार भाई और दादी गांव छोड़कर रिश्तेदारों के घर रहने पर मजबूर हैं। आंचल ने बताया कि आकाश बरेली कॉलेज में बीए अंतिम वर्ष का छात्र है।

वह 10वीं परीक्षा उत्तीर्ण कर चुकी है। उनके बीच काफी समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। यह बात परिजनों को पता चली तो उन्होंने आकाश के खिलाफ 26 दिसंबर 2021 को रिपोर्ट दर्ज करा दी। पुलिस ने आकाश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। कोर्ट में आंचल ने प्रेमी के पक्ष में बयान दिए, जिसकी वजह से 7 जनवरी 2022 को आकाश जेल से बाहर आ गए।

11 जनवरी को दोनों ने आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली। इसकी जानकारी होने पर युवती के मायके वालों उन्हें धमकाना शुरू कर दिया। आरोप है कि 2 फरवरी को आकाश की दादी व छोटे चाचा गांव में फसल देखने पहुंचे तो मायके वालों ने हथियारों से लैस होकर घर पर धाबा बोल दिया।

किसी तरह वे बचकर वहां से निकले और रिश्तेदारी में पहुंचे। युवती का आरोप है कि उसके मायके वालों ने प्रेमी के परिजनों को दोबारा गांव में आने पर जान से मारने व आकाश की बहन का अपहरण करने की धमकी दी है। बुधवार को दोनों एसएसपी कार्यालय पहुंचे। जान को खतरा जताते हुए सुरक्षा की मांग की। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

10 साल पहले प्रेमिका के परिजनों ने आकाश के दादा की कर दी थी हत्या
आकाश ने बताया कि करीब 10 सालों से दोनों परिवारों के बीच रंजिश चली आ रही है। वजह पूछने पर बताया कि उनके दादा श्यामलाल बहेड़ी में संचालित गन्ना उत्पादक महाविद्यालय में गार्ड के पद पर कार्यरत थे।

आरोप है कि प्रेमिका के परिजनों ने 2009 में उनकी हत्या कर दी थी। करीब चार सालों तक न्यायालय में मुकदमेबाजी चलती रही। इसके बाद प्रेमिका के परिजनों ने मामले में समझौता कर लिया। वहीं, आकाश का आरोप है कि अब उनके चाचा को मारने की धमकी दी जा रही है।

ये भी पढ़ें-

बरेली: आरटीई के तहत बच्चों को नहीं मिलेगा निशुल्क प्रवेश

संबंधित समाचार