कन्नौज: तालाब में तैरता मिला लापता ग्रामीण का शव, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कन्नौज। विशुनगढ़ कस्बे से चार दिन पहले लापता हुए ग्रामीण का शव तालाब में उतराता मिला। परिजनों ने मामले में पहले गुमशुदगी और फिर तीन लोगों को नामजद करते हुए अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अब शव मिलने पर परिजन हत्या कर शव फेंके जाने का आरोप लगा रहे हैं। उधर, घटना की सूचना …

कन्नौज। विशुनगढ़ कस्बे से चार दिन पहले लापता हुए ग्रामीण का शव तालाब में उतराता मिला। परिजनों ने मामले में पहले गुमशुदगी और फिर तीन लोगों को नामजद करते हुए अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अब शव मिलने पर परिजन हत्या कर शव फेंके जाने का आरोप लगा रहे हैं।

उधर, घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। पुलिस रिपोर्ट आने पर ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचने व कार्रवाई करने की बात कह रही है।

विशुनगढ़ निवासी बारेलाल (45) पुत्र शंभू दयाल सोमवार की शाम करीब चार बजे घर से बाजार की ओर निकला था। उसके बाद देर शाम तक नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के बाद भी जब कहीं कोई पता नहीं चला, तब अगले दिन बारेलाल की पत्नी ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। उसी दिन दोपहर में गांव के पास एक स्कूल परिसर में उसकी चप्पलें और पास में खून भी पड़ा मिला।

इस पर सशंकित परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताई। सूचना पर थानाध्यक्ष किशनपाल सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने कन्नौज से डाग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जांच पड़ताल की थी, लेकिन किसी नतीजे पर नहीं पहुंचे थे।

उसी दिन बारेलाल की पत्नी ने तीन लोगों को नामजद करते हुए अपहरण की रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। उसके बाद से पुलिस ग्रामीण के साथ-साथ आरोपी अपहरणकर्ताओं की तलाश में जुटी थी। इधर, गुरुवार की सुबह गांव की कुछ महिलाएं शौच के लिए खेतों की तरफ जा रही थीं। तभी उनकी नजर तालाब में उतरा रहे शव पर पड़ी, तो हड़कंप मच गया। महिलाओं ने इस की जानकारी गांव जाकर दी।

कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक किशनपाल सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों के सहयोग से शव को बाहर निकाला। बरामद शव की पहचान परिजनों ने बारेलाल के रूप में की। शव पत्नी समेत अन्य परिजनों का रो रो कर बुरा हाल हो गया। पत्नी ने हत्या कर शव फेंके जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें: हरिद्वार: ऊना में होने वाली धर्मसंसद स्थगित, 27 फरवरी को संतों के साथ दिल्ली कूच करेंगे यति नरसिंहानंद

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज