यूपी चुनाव 2022: 12 जिलों की 61 विधानसभा सीटों पर कल थम जाएगा प्रचार, 27 को होगा मतदान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण में 12 जिलों की 61 विधानसभा सीटों पर शुक्रवार को सायं छह बजे प्रचार अभियान थम जायेगा। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने गुरुवार को बताया कि पांचवें चरण में प्रदेश के 12 जनपदों की 61 विधानसभा सीटों के लिए प्रातः 7ः00 बजे …

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण में 12 जिलों की 61 विधानसभा सीटों पर शुक्रवार को सायं छह बजे प्रचार अभियान थम जायेगा। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने गुरुवार को बताया कि पांचवें चरण में प्रदेश के 12 जनपदों की 61 विधानसभा सीटों के लिए प्रातः 7ः00 बजे से सायं 6ः00 बजे तक मतदान करने का समय निर्धारित है। पांचवें चरण के 12 जिलों में अमेठी, रायबरेली, सुल्तानपुर, चित्रकूट, प्रतापगढ़, कौशाम्बी, प्रयागराज, बाराबंकी, अयोध्या, बहराइच, श्रावस्ती एवं गोण्डा के 61 विधान सभा क्षेत्रों में मतदान होगा।

उन्होंने बताया कि पांचवें चरण के निर्वाचन हेतु जनप्रतिनिधियों द्वारा किए जा रहे प्रचार-प्रसार पर 25 फरवरी, शुक्रवार को सायं 06ः00 बजे प्रभावी रूप से रोक लग जायेगी। पांचवें चरण की 61 सीटों पर कुल 692 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं। प्रतापपुर सीट के लिए सबसे अधिक 25, जबकि मिल्कीपुर, पयागपुर, बाराबंकी, जैदपुर, हैदरगढ़, सदर और कादीपुर सीटों के लिए सबसे कम सात-सात उम्मीदवार मैदान में हैं। पिछले चार चरण के चुनाव में पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड सहित अन्य इलाकों की 231 सीटों पर मतदान संपन्न होने के बाद चुनावी प्रक्रिया अब प्रदेश के अवध एवं पूर्वांचल क्षेत्र में प्रवेश कर जायेगी।

सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) से पिछले चरणाें के चुनाव में कड़ी चुनौती मिलने के बाद अवध और पूर्वांचल क्षेत्र में भाजपा को बढ़त मिलने की उम्मीद है।भाजपा ने अपने प्रचार अभियान में अलगे तीन चरण के चुनाव में विरोधी दलों से बढ़त बनाने के लिये एड़ी चोटी का जोर लगा दिया है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं का इन इलाकों में तूफानी प्रचार चल रहा है। इसके अलावा सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी पूर्वांचल क्षेत्र में ताबड़तोड़ प्रचार अभियान में जुटे हैं।

प्रचार के कल अंतिम दिन प्रयागराज, काैशांबी और अंबेडकरनगर में शाह की जनसभायें होगी, जबकि योगी सुलतानपुर, चित्रकूट और प्रयागराज में प्रचार करेंगे। प्रियंका गांधी अमेठी में प्रचार करेंगी। पांचवें चरण में कांग्रेस को भी अपने परंपरागत क्षेत्र अमेठी और रायबरेली जिलों में अग्निपरीक्षा का सामना करना है। कांग्रेस के गढ़ रहे इस इलाके में भाजपा ने पिछले चुनाव में जबरदस्त सेंधमारी कर देश की सबसे पुरानी पार्टी के किले को ध्वस्त कर दिया था। कांग्रेस के लिये यह चुनाव अपना किला बचाने का निर्णायक चरण साबित होगा।

पांचवें चरण में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री सहित आधा दर्जन मंत्रियों की भी परीक्षा होगी। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य कौशांबी की सिराथू सीट से चुनाव लड़ रहे हैं जबकि योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मोती सिंह पट्टी सीट से चुनाव मैदान में हैं।
कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह, इलाहबाद पश्चिम सीट से भाजपा प्रत्याशी हैं। योगी सरकार में मंत्री नंद गोपाल नंदी इलाहाबाद दक्षिण, समाज कल्याण मंत्री रमापति शास्त्री मनकापुर (सु) सीट से और राज्यमंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय चित्रकूट सदर से चुनाव लड़ रहे हैं।

पांचवें चरण वाली विधानसभा सीटों में तिलोई, सलोन (सु), जगदीशपुर (सु), गौरीगंज, अमेठी, इसौली, सुल्तानपुर, सदर, लम्भुआ, कादीपुर (सु), चित्रकूट, मानिकपुर, रामपुर खास, बाबागंज (सु), कुण्डा, विश्वनाथ गंज, प्रतापगढ़, पट्टी, रानीगंज, सिराथू, मंझनपुर (सु), चायल, फाफामऊ, सोरावं (सु), फूलपुर, प्रतापपुर, हण्डिया, मेजा, करछना, इलाहाबाद पश्चिम, इलाहाबाद उत्तर, इलाहाबाद दक्षिण, बारा (सु), कोरावं (सु), कुर्सी, राम नगर, बाराबंकी, जैदपुर (सु), दरियाबाद, रूदौली, हैदरगढ़ (सु), मिल्कीपुर (सु), बीकापुर, अयोध्या, गोसाईगंज, बलहा (सु), नानपारा, मटेरा, महसी, बहराइच, पयागपुर, कैसरगंज, भिनगा, श्रावस्ती, मेहनौन, गोण्डा, कटरा बाजार, कर्नलगंज, तरबगंज, मनकापुर (सु) एवं गौरा विधान सभा सीट शामिल हैं। शुक्ला ने बताया कि प्रत्येक पोलिंग बूथ पर मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए समुचित व्यवस्था कराने हेतु प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें:-यूक्रेन के हालात से सदमे में हरदोईवासी, एक छात्र व दो छात्राएं फंसीं, परिजनों की अटकी सांसें

संबंधित समाचार