मुरादाबाद : पत्नी से विवाद के बाद फंदे से लटका युवक, मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। ससुराल से पत्नी को विदा कराकर लौट रहे युवक का रास्ते में किसी बात को लेकर पत्नी से विवाद हो गया। इससे नाराज होकर पत्नी बीच रास्ते से ही वापस मायके चली गई और युवक अपने घर आ गया। इसके बाद युवक ने कमरे में फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। जानकारी …

मुरादाबाद,अमृत विचार। ससुराल से पत्नी को विदा कराकर लौट रहे युवक का रास्ते में किसी बात को लेकर पत्नी से विवाद हो गया। इससे नाराज होकर पत्नी बीच रास्ते से ही वापस मायके चली गई और युवक अपने घर आ गया। इसके बाद युवक ने कमरे में फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

ठाकुरद्वारा थाना क्षेत्र के गांव गझेड़ा आलम निवासी 25 वर्षीय दीपक कुमार मजदूरी करता था। दीपक कुमार की मां मीना कुमारी की करीब 15 साल पहले मौत हो चुकी है। परिवार में दो भाई गोपाल सिंह और शिवांशु तथा दो बहने राधा और पूजा है। दीपक का विवाह 14 माह पूर्व डिलारी थाना क्षेत्र के गांव जलालपुर निवासी सुनीता के साथ हुआ था। करीब 10 दिन पूर्व सुनीता अपने मायके गई थी। शुक्रवार को दीपक पत्नी को बुलाने गया था।

उसके चाचा चंद्रपाल सिंह ने बताया की दीपक पत्नी को लेकर अपने घर आ रहा था। रास्ते में चमरपुरा गांव के पास किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया। इसके बाद सुनीता अपने मायके चली गई और दीपक अपने घर आ गया। गुस्से में दीपक ने खाना नहीं खाया और कमरे में चला गया। रात करीब 11 बजे उसके पिताजी किसी काम से उसके कमरे में गए तो टीन शेड में लगी लकड़ी की बल्ली से बंधे दुपट्टे के फंदे में दीपक का शव लटका देख उनकी चीख निकल गई। शोर-शराबा सुनकर मायके आई उनकी छोटी बेटी पूजा भी बुरी तरह बिलखने लगी। शोर-शराबा सुनकर परिवार के अन्य लोग भी एकत्र हो गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

ये भी पढ़े: मुरादाबाद : शादी का झांसा देकर किया शारीरिक शोषण, पीड़िता ने एसएसपी से की शिकायत

संबंधित समाचार