नैनीताल, मुक्तेश्वर और रामगढ़ में ऊंची चोटियों पर हिमपात, मैदान में हुई बारिश
अमृत विचार, नैनीताल/हल्द्वानी/भवाली। नैनीताल जिले में शनिवार को मौसम पूरी तरह से खराब हो गया। पहाड़ों में पहले से ही बारिश हो रही थी तो वहीं मैदानी इलाकों में भी बूंदाबांदी हुई। शाम के समय ऊंची चोटियों पर हिमपात भी शुरू हो गया। नैनीताल में शनिवार को बारिश होने से मौसम ठंडा रहा। शाम के …
अमृत विचार, नैनीताल/हल्द्वानी/भवाली। नैनीताल जिले में शनिवार को मौसम पूरी तरह से खराब हो गया। पहाड़ों में पहले से ही बारिश हो रही थी तो वहीं मैदानी इलाकों में भी बूंदाबांदी हुई। शाम के समय ऊंची चोटियों पर हिमपात भी शुरू हो गया।
नैनीताल में शनिवार को बारिश होने से मौसम ठंडा रहा। शाम के समय ऊंचाई वाली नैना पीक चोटी, किलबरी रोड, स्नो व्यू, हिमालय दर्शन क्षेत्र में हल्की बर्फबारी भी हुई। शुक्रवार रात से ही बारिश होने से ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का मौसम बनना शुरू हो गया था। वहीं, नगर में मौसम सर्द बना हुआ है, सुबह से शाम तक बारिश लगातार रही। लोगों की आवाजाही कम रही। जीआईसी में स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी प्रताप सिंह बिष्ट के मुताबिक अधिकतम तापमान 12 और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं, 24 घंटे में दो मिलीमीटर बारिश हुई है। नैनी झील नियंत्रण कक्ष के प्रभारी रमेश सिंह गैड़ा ने बताया कि झील का जलस्तर साढ़े आठ फीट पहुंच गया है।

बताया कि बिड़ला क्षेत्र में लगे विभाग के वर्षामापी यंत्र में 24 घंटे के भीतर 0.50 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। वहीं नैनीताल में एक जनवरी से 26 फरवरी तक 107.50 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है। हल्द्वानी में सुबह से ही बादल छाए रहे। यहां सुबह के समय हल्की बूंदाबांदी हुई। ठंडी हवाएं चलीं। जिससे ठंड बढ़ गई। शनिवार को बाजार बंद का दिन होने और मौसम खराब होने की वजह से बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। जरूरी काम होने पर ही लोग घरों से बाहर निकले। शाम के समय बारिश रूक गई और धूप निकल गई।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को मौसम साफ हो जाएगा। इधर, नैनीताल जिले के पहाड़ी इलाकों में सुबह से बारिश और सर्द हवाएं चली। इससे पहाड़ी इलाकों में कड़ाके की ठंड जारी है। वहीं दोपहर बाद कुछ इलाकों में हल्के बर्फ की फाहे और हल्की ओला वृष्टि हुई। लगातार बारिश से कुछ इलाकों में संचार और विद्युत सेवाएं भी बाधित रही। जिले के मुक्तेश्वर, भवाली धानाचूली, गागर, भटेलिया, तितोली आदि इलाकों में सुबह से देर शाम तक बारिश का दौर जारी रहा। गागर, मुक्तेश्वर, धनाचूली आदि इलाकों में हल्की ओलावृष्टि हुई।
बाजारों में छाया सन्नाटा
भवाली। दो दिन की बारिश से पहाड़ों में कड़ाके की ठंड हो गई है।जिसका असर बाजारों और यातायात में भी देखने को मिल रहा है। शनिवार को भवाली, गागर, रामगढ़ आदि इलाकों में सुबह से सन्नाटा छाया रहा। ठंड से बचने के लिए लोग बाजारों में अलाव का सहारा लेते दिखे। वहीं पर्यटक ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़ों को खरीददारी करते दिखे।
