लखनऊ: 50 हजार के ईनामी सिपाही को एसटीएफ ने जयपुर से किया गिरफ्तार, 2019 से था फरार
लखनऊ। एसटीएफ आगरा की टीम ने 50 हजार के इनामी अपराधी अजित सिंह उर्फ चौधरी (सिपाही) को जयपुर के थाना चारसू के गांव निवोडिया से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी 2011 की पुलिस भर्ती का सिपाही है। उसके खिलाफ 2019 में थाना सादाबाद के अंतर्गत पड़ोसी द्वारा पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज कराया था। तभी से …
लखनऊ। एसटीएफ आगरा की टीम ने 50 हजार के इनामी अपराधी अजित सिंह उर्फ चौधरी (सिपाही) को जयपुर के थाना चारसू के गांव निवोडिया से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी 2011 की पुलिस भर्ती का सिपाही है। उसके खिलाफ 2019 में थाना सादाबाद के अंतर्गत पड़ोसी द्वारा पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज कराया था। तभी से वह फरार चल रहा था।
आरोपी अजित सिंह उर्फ चौधरी पुत्र नवल बरामई खेड़ा, थाना सादाबाद, हाथरस का रहने वाला है। उसने एसटीएफ को बताया कि वह 2011 में पुलिस में भर्ती हुआ था। 2019 में जब गाजियाबाद यातायात पुलिस में उसकी तैनाती थी, तभी गांव बारामई में एक पड़ोसी ने उसके खिलाफ थाना सादाबाद में पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज करा दिया था। तभी से वह छिपकर रह रहा था। राजस्थान में कई जगह रिश्तेदारियों में अब तक वह समय गुजार रहा था।
उसकी शादी 2012 में गांव कोडरा थाना हरदुआगंज अलीगढ़ से हुई थी। उसके पास दो बच्चे भी हैं। वह जयपुर में अपने बहनोई के गांव निवोडिया उनसे मिलने गया था, तभी पकड़ लिया गया। पुलिस उपाधीक्षक उदयप्रताप सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई हुई। निरीक्षक हुकुम सिंह अपनी टीम के सदस्य प्रमोद कुमार, राजपाल सिंह, संतोष कुमार, रामनरेश सिंह, दिनेश कुमार, ब्रजराज सिंह, बल्देव सिंह के साथ मुखबिर के बताए स्थान पर पहुंचे और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें: कानपुर; रूस-यूक्रेन युद्ध की आड़ में मुनाफाखोरी का चल रहा खेल, खाद्य तेल की कीमतों में हुई वृद्धि
