UP Election 2022: अखिलेश यादव ने करहल की लड़ाई में खर्च किए दस लाख रुपए
इटावा/मैनपुरी। अपने राजनीतिक जीवन का पहला चुनाव लड़ रहे समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने करहल विधानसभा सीट पर पार्टी उम्मीदवार के तौर पर दस लाख 84 हजार 285 रूपये खर्च किए हैं जबकि उनके प्रतिद्धंदी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार एसपी सिंह बधेल के इस चुनाव में 12 लाख 84 हजार 825 रुपये …
इटावा/मैनपुरी। अपने राजनीतिक जीवन का पहला चुनाव लड़ रहे समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने करहल विधानसभा सीट पर पार्टी उम्मीदवार के तौर पर दस लाख 84 हजार 285 रूपये खर्च किए हैं जबकि उनके प्रतिद्धंदी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार एसपी सिंह बधेल के इस चुनाव में 12 लाख 84 हजार 825 रुपये खर्च हुए हैं।
मैनपुरी की करहल विधानसभा हाट सीटों में से एक रही है। इस सीट से पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के सामने भाजपा ने केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल को चुनावी मैदान में उतारा। चुनाव खर्च के मामले में एसपी बघेल ने अखिलेश यादव को चुनाव परिणाम जारी होने से पहले ही पीछे छोड़ दिया है।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में किसी भी उम्मीदवार के चुनाव में खर्च करने की अधिकतम सीमा 40 लाख रुपये खर्च की गई है। अखिलेश और एसपी बघेल ने अपने प्रचार अभियान को लोगों तक पहुंचने तक ही सीमित रखा। इस कारण खर्च में कमी दिख रही है। प्रत्याशियों के चुनाव खर्च से जुड़ी यह जानकारी प्रशासन को सौंपे गए हिसाब के बाद सामने आई हैं।
इस बार आयोग ने चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों को तीन बार चुनावी खर्च का ब्योरा देने के निर्देश दिए थे। मैनपुरी के वरिष्ठ कोषाधिकारी श्यामलाल जायसवाल ने बताया कि प्रत्याशियों की ओर से उपलब्ध कराए गए खर्च के ब्यौरे की जांच की जा रही है। प्रशासन भी खर्च पर नजर बनाए हुए हैं। बसपा के कुलदीप नारायण ने तीन लाख 56 हजार 573 रुपये का खर्च दिखाया है।
सर्वाधिक खर्च मैनपुरी सीट से बसपा प्रत्याशी गौरव नंद सविता ने दिखाया है। उन्होंने 23 लाख नौ हजार 603 रुपये का खर्च दिखाया है। इस सीट पर खर्च की तुलना में भाजपा प्रत्याशी जयवीर सिंह दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने 20 लाख 64 हजार 643 रुपये का खर्च दिखाया है। सपा प्रत्याशी राजकुमार यादव राजू ने 13 लाख 47 हजार 983 रुपये का खर्च दिखाया है।
भोगांव विधानसभा सीट की बात करें तो यहां चुनाव खर्च में भाजपा प्रत्याशी और आबकारी रामनरेश अग्निहोत्री आगे हैं। उन्होंने 16 लाख 29 हजार 615 रुपये का खर्च दिखाया है। दूसरे स्थान पर कांग्रेस की ममता राजपूत हैं। उन्होंने 11 लाख 33 हजार 555 का खर्च दिखाया है। सपा प्रत्याशी आलोक शाक्य ने आठ लाख 13 हजार 554 रुपये खर्च दिखाया है।
वहीं, वोटर इंटरनेशनल पार्टी की अनीता का चुनावी खर्चा मात्र 10 हजार दिखाया गया है, जो पूरे जिले की विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम है। किशनी विधानसभा सीट पर चुनाव खर्च में आशू दिवाकर आगे रहे हैं। 16 फरवरी तक उन्होंने 18 लाख 70 हजार 620 रुपये का चुनाव खर्च दिखाया है। खर्च के मामले में वह पहले स्थान पर रहे हैं।
दूसरे स्थान पर सपा प्रत्याशी बृजेश कठेरिया रहे हैं। उन्होंने नौ लाख 56 हजार 33 रुपये का खर्च दिखाया है। तीसरे स्थान पर कांग्रेस के विनीत नारायण सिंह हैं। उन्होंने चार लाख 99 हजार 25 रुपये का खर्च दिखाया है।
पढ़ें- बलिया: 86 वाहनों के लाइसेंस इस वजह के चलते होंगे निलंबित, नोटिस जारी
