यूपी चुनाव 2022: मतदान के बाद अब EVM की रखवाली कर रहे हैं विपक्षी दल
लखनऊ। प्रदेश में चुनावी जुनून और प्रतिस्पर्धा इस कदर बढ़ गयी है कि राजनीतिक दलों को किसी पर भरोसा ही नहीं रह गया है। इनको आशंका है कि सत्तारूढ़ दल मतदान के बाद जमा ईवीएम में अपने पक्ष में हेरफेर कर सकता हैं। हेराफेरी से भयभीत विपक्षी दल EVM को जमा करने वाले मतगणना स्थल …
लखनऊ। प्रदेश में चुनावी जुनून और प्रतिस्पर्धा इस कदर बढ़ गयी है कि राजनीतिक दलों को किसी पर भरोसा ही नहीं रह गया है। इनको आशंका है कि सत्तारूढ़ दल मतदान के बाद जमा ईवीएम में अपने पक्ष में हेरफेर कर सकता हैं। हेराफेरी से भयभीत विपक्षी दल EVM को जमा करने वाले मतगणना स्थल के बाहर कैम्प लगा कर रखवाली करनी शुरू कर दी हैं। इन कैम्पों में मौजूद विपक्षी दलों के लोगों का कहना है कि उन्हें ईवीएम में हेरफर किये जाने की आशंका है और वह सरकारी सुरक्षा के भरोसे नहीं रह सकते।
राजधानी लखनऊ में बीती 23 फरवरी को मतदान हुआ था। मतदान के बाद जिलें की सभी विधानसभा क्षेत्रों की ईवीएम रमाबाई अंबेडकर रैली स्थल में बने मतगणना स्थल पर कड़ी सुरक्षा के बीच रखी गयी है। जिसके बाद, हर प्रत्याशी ने अपनी-अपनी विधानसभा का कैम्प, रमाबाई अंबेडकर रैली स्थल के बाहर बना लिया है। हालांकि, भाजपा के किसी भी प्रत्याशी ने बाहर कैम्प नहीं लगाया है। सभी पार्टियों की हर विधानसभा सीट का कैम्प रैली स्थल के बाहर लगा हुआ है।
इन कैम्पों में प्रत्याशी के साथ, पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहते हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं का जमावड़ा दिन-रात रहता है। रजाई-गद्दे यहां लगे हुए हैं। प्रत्याशियों द्वारा खाने-पीने की भी पूरी व्यवस्था की गई है। बता दें कि, आरओ की ओर से हर एक विधानसभा से तीन लोगों को रहने की अनुमति दी गई है। जिससे अगर किसी तरह की कोई भी पूछताछ करनी हो, तो वह भी हो सके।
बख्शी का तालाब विधानसभा क्षेत्र के बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी सलाउद्दीन स्वयं कैम्प लगाकर बैठे हुए हैं। बसपा प्रत्याशी सलाउद्दीन का कहना है कि जब तक मतगणना नहीं हो जाती तब तक हम यहीं बैठे रहेंगे। जिससे हम बहनजी की सरकार बनाना सुनिश्चित कर सकें। सलाउद्दीन ने कहा कि भाजपा हर बार ईवीएम में गड़बड़ी करके चुनाव जीतते आ रही है। लेकिन, इस बार हम ऐसा बिल्कुल नहीं होने देंगे।
सरोजनी नगर विधानसभा सीट के बने कैम्प में बैठे समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं का कहना है कि उन्हे भाजपा पर बिल्कुल भरोसा नहीं है। यह लोग चुनाव जीतने के लिये किसी भी हद तक जा सकते हैं। इसलिए, हम मतगणना के दिन तक यहीं डेरा डाले बैठे रहेंगे। जिससे कि जितने भी वोट हमारी पार्टी को पड़े हैं, उनके साथ किसी भी प्रकार की हेराफेरी न हो पाए। बक्शी का तालाब से कांग्रेस प्रत्याशी लल्लन कुमार की ओर से लगाए गए कैम्प में बाकायदा पोस्टर भी लगाया गया है। जिसमें साफ़ तौर पर यह लिखा गया है कि यहां ईवीएम की सुरक्षा की जाती है। इसके अलावा, पोस्टर में प्रियंका गांधी और लल्लन कुमार की फोटो के साथ ईवीएम सुरक्षा टीम लिखा गया है।
आयोग पर भरोसा है लेकिन सरकार पर भरोसा नहीं है। इसलिए सजगता के तौर पर कार्यकर्ताओं को ईवीएम स्टॉग रूम के बाहर तैनात किया गया, जिससे कि किसी तरह की कोई गड़बड़ी न होने पाए…अशोक सिंह, प्रवक्ता, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी।
भाजपा का आचारण अलोकतांत्रिक है। प्रदेश सरकार अपनी जीत के लिए किसी भी स्तर पर उतर सकती है। चुनावों के दौरान यह स्पष्ट तौर पता चल चुका है। ऐसे में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मतगणना केंद्रों और स्टांग रूम के बाहर ईवीएम की निगरनी के लिए प्रदेश भर में तैनात हैं…राजेद्र चौधरी, प्रवक्ता, समाजवादी पार्टी।
