UP Election 2022: अब हार-जीत के विश्लेषण में जुटे प्रत्याशियों के समर्थक
बाराबंकी। रविवार को मतदान के बाद अब जिले की दरियाबाद विधानसभा मे हर चौक-चौराहे पर कार्यकर्ता अपने-अपने उम्मीदवार की जीत के लिए पक्ष-विपक्ष में मिले मत का आंकलन करने जुट गये हैं। समर्थकों का तो यह हाल है कि पार्टी की जीत के लिए मन्नतें मांगने में भी पीछे नहीं है। चौक-चौराहे जीत हार की …
बाराबंकी। रविवार को मतदान के बाद अब जिले की दरियाबाद विधानसभा मे हर चौक-चौराहे पर कार्यकर्ता अपने-अपने उम्मीदवार की जीत के लिए पक्ष-विपक्ष में मिले मत का आंकलन करने जुट गये हैं। समर्थकों का तो यह हाल है कि पार्टी की जीत के लिए मन्नतें मांगने में भी पीछे नहीं है।
चौक-चौराहे जीत हार की चर्चाओं के शोर से गुलजार है। चुनावी परिणाम को लेकर गुणा भाग करते विभिन्न समर्थक किस तरह से चर्चाओं में मशगूल हैं, इसके नजारे खूब देखने को मिल रहे हैं। कई स्थानों पर चुनावी परिणामों को लेकर आपस में चर्चा करते लोग नजर आए। कोई किसी की पोजीशन डांवाडोल बता रहा तो कोई किसी को बहुत मजबूत बता रहा। इतना ही नहीं मतदान प्रतिशत भी चर्चाओं में शामिल है।
विधानसभा चुनाव के पांचवे चरण में शामिल बाराबंकी जिले में मतदान हो चुका है। जिले की 6 विधानसभा सीटों के लिए यहां 27 फरवरी को मतदान हो चुका है। जिले की चर्चित दरियाबाद विधानसभा में हर चौक चौराहों पर चुनावी गुणा गणित लगाया जाने लगा है। शोशल साइट भी मतदान के बाद से ही गुलजार है समर्थक अपने अपने प्रत्याशी को शोशल साइट पर जीत दिला रहे है।
चुनावी दौरे की थकान अपनी जगह, मगर सियासत की ऊर्जा अपने पूरे उफान पर है। मतदान होने के अगले ही दिन घरों से निकले कई राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों के समर्थक अब चुनावी परिणाम को लेकर बाजी लगाने लगे हैं। आलम यह है कि सार्वजनिक स्थानों से लेकर गांवों की चौपालों तक बस चुनाव के परिणामों को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
कई समर्थक अपने-अपने हिसाब से जीत-हार का गुणाभाग लगा रहे हैं। इतना ही नहीं मोबाइल फोन के जरिए भी अपने परिचितों से उनके क्षेत्रों का हाल खबर जानने के बाद पूरा गुणा भाग लगा रहे हैं।
पिछले चुनाव के मुकाबले कमोवेश बढ़े मतदान प्रतिशत को लेकर भी चर्चाएं हो रही हैं। कुल मिलाकर चुनावी परिणाम के बुखार की तपन के आगे फिलहाल चुनाव की थकान फीकी पड़ रही है। अब सभी की निगाहें 10 तारीख के परिणाम पर टिकी है।
फाल्गुन माह में चुनावी चर्चा के रंग का असर हर जगह दिख रहा है। दरियाबाद स्टेशन पर बैठे कुछ ग्रामीणों से चुनाव को लेकर बात की गई तो हर व्यक्ति अपने प्रत्याशी की विजय को लेकर आश्वस्त नजर आया। मतदान के बाद मन में जीत-हार को लेकर समर्थकों में व्याकुलता भी बढ़ गई है।
मतदान के बाद हर कोई अपने प्रत्याशी को विजयी मानकर बहस करने में जुटा जरूर है लेकिन समर्थकों सहित आम वोटरों की निगाह अब 10 मार्च को आने वाले चुनाव परिणाम पर टिकी है ।
पढ़ें- दिल्ली उच्च न्यायालय के चार नए न्यायाधीशों ने ली पद की शपथ, कुल Judges की संख्या हुई 34
