बलिया में सपा पर बरसे पीएम मोदी, कहा- ‘परिवारवादियों’ ने यूपी की कानून व्यवस्था को कर दिया था बदहाल
बलिया। समाजवादी पार्टी (सपा) पर परोक्ष हमला करते हुये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले पांच चरणों के मतदान में जनता ने परिवारवादियों को पूरी तरह नकार दिया है और जाति पात को छोड़ कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार में विकास के हाइवे …
बलिया। समाजवादी पार्टी (सपा) पर परोक्ष हमला करते हुये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले पांच चरणों के मतदान में जनता ने परिवारवादियों को पूरी तरह नकार दिया है और जाति पात को छोड़ कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार में विकास के हाइवे पर रफ्तार भरना पसंद किया है।
जाति से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में लोगों ने किया है वोट
श्री मोदी ने यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुये कहा कि यूपी में पांच चरण के चुनाव हो चुके है। पश्चिम से पूरब तक घोर परिवारवादियों को यूपी की जनता ने नकार दिया है। यूपी के लोगों ने बता दिया है कि यूपी की गाडी जाति पाति की गलियों में अटकने वाली नहीं है। उसने विकास के हाइवे पर रफ्तार भर ली है। जाति से ऊपर उठकर राष्ट्र हित का सम्मान और परिवारवाद का विरोध यही बलिया की परिभाषा है। उन्होने कहा कि घोर परिवारवादियों ने यूपी की कानून व्यवस्था को बरबाद कर दिया था। योगी सरकार इसे वापस पटरी पर ला रही है।
कारोबारियों का पैसा छीनकर भाग जाते थे गुंडे-मवाली
बलिया के हमारे व्यापारी और कारोबारी भूल नहीं सकते कि कैसे उनका पैसा गुंडे और बदमाश छीनकर ले जाते थे। योगी जी की सरकार में आज बलिया का व्यापारी सुरक्षित हो रहा है। उत्तर प्रदेश की जनता के आशीर्वाद बीजेपी का विजय रथ प्रचंड जीत की ओर बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा “उत्तर प्रदेश के लोगों ने तय कर लिया है कि उनकी गाड़ी जाति-पाति की गलियों में नहीं घूमेगी। बहनो बेटियों को घर से निकलने में अब गुंडों बदमाशों का डर नहीं है। घोर परिवारवादियों ने अपने शासन में सिर्फ और सिर्फ अपनी तिजोरी भरी। आपके क्षेत्र के विकास पर ध्यान नही दिया।
बीजेपी सरकार ने बनवाईं अनेकों सड़कें, पहले बिजली में भी होता था पक्षपात
बलिया को अच्छी सड़कें चाहिये मगर घोर परिवारवादियों को यह समझ नहीं आया। भाजपा सरकार ने बीते पांच वर्षो मे अनेकों नई सड़कें बनवायी है। सडकों को चौडा करने पर भी काम चल रहा है। उन्होने कहा कि पहले बिजली आपूर्ति में भी पक्षपात होता था। बिजली के अभाव में बलिया के लोगों ने बड़ा खामियाजा भुगता है।
आज भाजपा सरकार में बलिया में पहले के मुकाबले कहीं ज्यादा बिजली आ रही है। पीएम ने कहा “ बलिया के लोगों ने मुझे इतना प्यार दिया है, उसका कर्ज शायद कभी उतार नहीं सकता। बलिया से एक भावुक रिश्ता यह भी है कि यहीं पर माताओं बहनों की जिंदगी बदलने वाली उज्जवना योजना की शुरूआत हुयी थी।
यूपी का विकास मेरा कर्तव्य भी है और मेरी प्राथमिकता भी है। यूपी ने मुझे बहुत कुछ दिया है और इस धरती की संतान के नाते मै गरीब से गरीब की सेवा का संकल्प लेकर चल पडा हूं।
यह भी पढ़ें: विकास में अव्वल रहने के साथ यूपी में गुंडों माफिया को किया दुर्बल : मुख्यमंत्री योगी
