यूक्रेन से हल्द्वानी लौटा MBBS का छात्र, मां ने कुछ ऐसे किया खुशी का इजहार
हल्द्वानी, अमृत विचार। युद्वग्रस्त यूक्रेन में फंसे उत्तराखंड के छात्रों के लौटने का सिलसिला शुरू हो गया है। रविवार रात तक प्रदेश के 10 छात्र सकुशल लौट आये है। इधर रविवार सुबह हल्द्वानी पहुंचे जिले के पहले छात्र विजय सिंह चौहान को देख घरवालों की खुशी का ठिकाना नही रहा। मां गीता चौहान ने बेटे …
हल्द्वानी, अमृत विचार। युद्वग्रस्त यूक्रेन में फंसे उत्तराखंड के छात्रों के लौटने का सिलसिला शुरू हो गया है। रविवार रात तक प्रदेश के 10 छात्र सकुशल लौट आये है। इधर रविवार सुबह हल्द्वानी पहुंचे जिले के पहले छात्र विजय सिंह चौहान को देख घरवालों की खुशी का ठिकाना नही रहा। मां गीता चौहान ने बेटे को तिलक लगाकर और दही मिठाई खिलाकर स्वागत किया।
मां गीता चौहान ने बताया कि जिस तरह से उनका बेटा लौटा है, उसी तरह सभी बच्चे आ जाएं यही प्रार्थना है। उन्होंने बताया कि बहुत दिनों बाद आज बेटा आया है, आज खाने में पकवानों के साथ ही बेटे के फेवरेट भिंडी की सब्जी बन रही है।

यूक्रेन के उत्तर पश्चिम में इवानो शहर में स्थित Ivano-Frankivsk नेशनल मेडिकल यूनिवर्सिटी से एमबीबीएस अंतिम वर्ष की पढ़ाई करने वाले विजय सिंह चौहान ने बताया कि यूक्रेन में हालात ठीक नही हैं। भारत सरकार की ओर से इंतजाम किए जा रहे हैं लेकिन वो नाकाफी साबित हो रहे हैं। माइनस डिग्री तापमान के बीच कई छात्रों को ठंड के बीच रात गुजारनी पड़ रही है। हर तरफ बमबारी और गोलीबारी का शोर है। फिलहाल संकट के बीच घर पहुंचे बेटे को देखकर मां गीता चौहान समेत पिता प्रताप सिंह चौहान, भाई डॉ. जितेंद्र सिंह चौहान समेत परिजन बेहद खुश हैं। वहीं पड़ोस के लोग भी जानने पहुंच रहे हैं। वहीं घर पर मीडिया का जमावड़ा भी लग रहा है।

