हरदोई: छोटी बहन के सामने बड़ी बहन को उतारा मौत के घाट, हत्या के बाद शव को फांसी पर लटकाया
हरदोई। बहन के साथ ससुराल पहुंची छोटी बहन के सामने ही उसकी बड़ी बहन की पीट-पीटकर हत्या करने के बाद शव को फांसी पर लटका दिया गया। कोतवाली देहात के खेरौली गांव में हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। खबर सुनते ही सीओ सिटी ने मौके पर पहुंच कर जांच-पड़ताल की। पुलिस …
हरदोई। बहन के साथ ससुराल पहुंची छोटी बहन के सामने ही उसकी बड़ी बहन की पीट-पीटकर हत्या करने के बाद शव को फांसी पर लटका दिया गया। कोतवाली देहात के खेरौली गांव में हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। खबर सुनते ही सीओ सिटी ने मौके पर पहुंच कर जांच-पड़ताल की। पुलिस ने पति व ससुर को हिरासत में ले लिया है।
बताते है कि बेहटा गोकुल थाने के सिकंदरपुर बरगदिया के बुद्धपाल की 22 साल की पुत्री संगीता की शादी कोतवाली देहात के खेरौली गांव के भानू पुत्र रामसेवक के साथ 22 मई 2021 को हुई थी। संगीता अपने मायके में थी। वह शुक्रवार को अपनी छोटी बहन शिवानी के साथ ससुराल पहुंची।
शिवानी का कहना है कि सोमवार की शाम को उसके बहनोई भानू ने दीदी (संगीता) के साथ पहले तो गाली-गलौज की, इसके बाद बुरी तरह पीटने लगा। शिवानी ने पुलिस को बताया था कि भानू ने अपने पिता रामसेवक व मां शारदा के साथ मिलकर पीट-पीटकर संगीता को मार डाला। उसके बाद शव को उसी के दुपट्टे से बांध कर फांसी पर लटका दिया।
शिवानी का यह भी कहना है कि जब वह चिल्लाने लगी,तो आस-पास के लोग पहुंच तो गए, लेकिन सभी चुप-चाप खड़े तमाशा देखते रहे। संगीता की मां का कहना है कि उसके पति दुनिया में नहीं रहें, छः बेटियां हैं, जिनमें से उसने किसी तरह उधार-कर्ज़ ले कर तीन बेटियों की शादी कर दी।
गुज़र-बसर के लिए थोड़ी सी ज़मीन है। भानू पर आरोप लगाया है कि वह संगीता के हिस्से का खेत चाहता था। इसी के चलते वह आए दिन उसके साथ मार-पीट करता रहता था। इसका पता होते ही सीओ सिटी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पति भानू और ससुर रामसेवक को हिरासत में ले कर मामले की गहराई से जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है।
पढ़ें- सपा के जिला सोशल मीडिया प्रभारी पर एआरओ ने दर्ज कराया मुकदमा, जानें मामला
