अमरोहा : चार महीने की बच्ची को लगा बीमारियों से बचाव का टीका, कुछ घंटों बाद मौत
अमरोहा,अमृत विचार। जिले में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। इस लापरवाही में चार महीने के एक नवजात की जान चली गई। जबकि कई नवजात बच्चे अभी अस्पताल में भर्ती हैं। जिनका इलाज चल रहा है। परिजनों का आरोप है कि सोमवार को गांव में स्वास्थ्य विभाग की एक टीम आई थी। टीम …
अमरोहा,अमृत विचार। जिले में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। इस लापरवाही में चार महीने के एक नवजात की जान चली गई। जबकि कई नवजात बच्चे अभी अस्पताल में भर्ती हैं। जिनका इलाज चल रहा है। परिजनों का आरोप है कि सोमवार को गांव में स्वास्थ्य विभाग की एक टीम आई थी। टीम ने तीन महीने से लेकर छह महीने तक के बच्चों को गंभीर बीमारियों से बचाव के टीके लगाए थे। टीका लगने के कुछ ही घंटों बाद बच्चों की हालत बिगड़ गई। सभी को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। मंगलवार सुबह एक बच्चे की मौत हुई है।

सोमवार को स्वास्थय विभाग की टीम नौगांवा सादात थाना क्षेत्र के गांव देहरा में मासूम बच्चों का टीकाकरण करने के लिए गई थी। आरोप है कि गांव के रहने वाले गेंदा ने अपने चार माह के बच्चे को भी टीका लगवाया था। रात में मासूम की तबीयत बिगड़ गई। परिजन इसे टीका लगने के चलते मामूली तकलीफ समझते रहे। लेकिन ,मंगलवार की सुबह मासूम की हालत अचानक ज्यादा खराब हो गई, जैसे ही उसे डॉक्टर के यहां लेकर गए, वहां उसकी मौत हो गई। इससे परिवार में कोहराम मच गया।
वहीं टीका लगने के बाद अन्य कई मासूम बच्चे बीमार हो गए। हालत गंभीर होने पर उनको उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टीका लगने के बाद मौत होने की जानकारी मिलने पर डीएम बीके त्रिपाठी ने सीएमओ डॉ. संजय अग्रवाल को गांव देहरा भेजा। वहीं परिजनों और ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग टीम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सीएमओ ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। सीएमओ संजय अग्रवाल ने बताया कि बच्चों का नियमित टीकाकरण के लिए टीम गांव देहरा में गई। थी। पेंटावेलेंट और रोटावायरस का टीका बच्चों को लगाया था। टीकाकरण के बाद बच्चों को मामूली बुखार आता है, लेकिन बच्चे की मौत किस वजह से हुई, इसकी जानकारी के लिए बच्चे का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। अस्पताल में भर्ती अन्य बच्चों की हालत अब ठीक है।
