पीलीभीत: होमगार्ड समेत दो आरोपियों का जेल जाना तय, वारंट लेगी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। बीयर बार में हुए गोलीकांड के होमगार्ड समेत फरार दो आरोपियों को पकड़ने में पुलिस कामयाब नहीं हो सकी है। दबिश देने के बाद भी कोई नहीं मिल सका। अब पुलिस न्यायालय से दोनों आरोपियों के गैर जमानती वारंट निकलवाएगी। इसे लेकर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। घटना आठ फरवरी की रात …

पीलीभीत, अमृत विचार। बीयर बार में हुए गोलीकांड के होमगार्ड समेत फरार दो आरोपियों को पकड़ने में पुलिस कामयाब नहीं हो सकी है। दबिश देने के बाद भी कोई नहीं मिल सका। अब पुलिस न्यायालय से दोनों आरोपियों के गैर जमानती वारंट निकलवाएगी। इसे लेकर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

घटना आठ फरवरी की रात सुनगढ़ी क्षेत्र में छतरी चौराहा के पास मीनार बार में हुई थी। मोहल्ला अशरफ खां निवासी ठेकेदार कासिफ अपने दोस्त के साथ बार में थे। इस बीच पूर्व चेयरमैन राजीव अग्रवाल उर्फ टीटी का भतीजा मोहल्ला डोरीलाल निवासी विवेक अग्रवाल वहां पहुंच गया था। दोनों के बीच जाम छलकाते वक्त विवाद हुआ और मारपीट हो गई थी।

इस दौरान विवेक ने तमंचे से फायर कर दिया था। गोली ठेकेदार के सीने में जा लगी थी। ठेकेदार के पिता मोहम्मद यामीन खां की तहरीर पर सुनगढ़ी थाने में जानलेवा हमला करने की रिपोर्ट दर्ज की गई। सुनगढ़ी पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठे तो एसपी दिनेश कुमार पी ने विवेचना कोतवाली पुलिस के स्थानांतरित कर दी थी। एसओजी टीम को भी धरपकड़ में लगा दिया था। पूर्व चेयरमैन के दो भतीजों समेत चार आरोपियों को पुलिस जेल भेज चुकी है।

इस प्रकरण में एक होमगार्ड समेत दो अन्य आरोपियों की भी संलिप्तता प्रकाश में आई थी। इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई बार दबिश दी, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ सके थे। इसके बाद अब पुलिस कार्रवाई को गति देने के लिए कोर्ट की शरण लेगी। दोनों का गैर जमानती वारंट निकलवाने को कार्रवाई की जा रही है। इसे उनके घरों के बाहर चस्पा कराया जाएगा।

इसे भी पढ़ें-

पीलीभीत: पुलिस पस्त…मदीनाशाह में सक्रिय हो गए नशे के धंधेबाज

 

संबंधित समाचार