देहरादून: यूक्रेन से भारतीयों की सुरक्षित वापसी को युद्धस्तर पर प्रयास
देहरादून, अमृत विचार। यूक्रेन में फंसे उत्तराखंड के नागरिकों और छात्रों की सुरक्षित वापसी के लिये युद्धस्तर पर प्रयास चल रहे हैं। शासन जहां लगातार भारतीय दूतावास के संपर्क में है तो सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान और सहायता के लिए राज्य आपदा परिचालन केंद्र भी सक्रिय हो गया है। उत्तराखंड की प्रभारी मुख्य सचिव राधा …
देहरादून, अमृत विचार। यूक्रेन में फंसे उत्तराखंड के नागरिकों और छात्रों की सुरक्षित वापसी के लिये युद्धस्तर पर प्रयास चल रहे हैं। शासन जहां लगातार भारतीय दूतावास के संपर्क में है तो सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान और सहायता के लिए राज्य आपदा परिचालन केंद्र भी सक्रिय हो गया है।
उत्तराखंड की प्रभारी मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने बुधवार को सचिवालय में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिये कि यूक्रेन में उत्तराखंड के जो छात्र एवं अन्य नागरिक हैं, उनके परिजनों से लगातार संपर्क स्थापित किया जाये। यूक्रेन में फंसे उत्तराखंड के नागरिकों एवं छात्रों की वर्तमान लोकेशन की जानकारी शासन एवं दिल्ली स्थित स्थानिक आयुक्त कार्यालय को भी समय-समय पर दी जाये, ताकि सभी सूचनाओं का आदान-प्रदान एमईए को शीघ्रता से किया जा सके।
उन्होंने कहा कि यूक्रेन सीमा से लगे देशों में इंडियन एम्बेसी से भी जानकारी ली जा रही है। अभी तक उत्तराखंड के 282 लोगों की सूचना प्राप्त हो चुकी है, जो यूक्रेन और उसके आस-पास के देशों में फंसे हैं, जिनमें से 33 सकुशल लौट चुके हैं। यूक्रेन में फंसे छात्रों एवं उत्तराखण्ड में निवासरत उनके परिवारजनों के मोबाइल नंबरों को जोड़ते हुए तीन व्हाट्स एप ग्रुप बनाये गये हैं, जिनमें सभी वरिष्ठ अधिकारी भी जुड़े हैं। यूक्रेन में फंसे छात्रों के परिजनों से जिला स्तर के अधिकारी व्यक्तिगत रूप से निरन्तर सम्पर्क बनाये हुए हैं। भारत सरकार एवं राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से सभी को सुरक्षित वापस लाने के प्रयास किये जा रहे हैं।
दिल्ली, मुंबई में खुले समन्वय केंद्र
प्रभारी मुख्य सचिव ने बताया कि दिल्ली एवं मुंबई में राज्य की ओर से यूक्रेन से आने वाले उत्तराखंड वासियों के लिए समन्वय केन्द्र बनाये गये हैं। सभी आगन्तुकों के लिए ठहरने एवं खाने की व्यवस्था की गई है। दिल्ली से अपने गन्तव्य तक लाने की व्यवस्था राज्य की ओर से की गई है।
सचिव विनोद सुमन बने नोडल अधिकारी
प्रभारी मुख्य सचिव ने बताया कि यूक्रेन से उत्तराखण्ड के सभी नागरिकों की सकुशली वापसी एवं बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए जिला एवं तहसील स्तर पर नोडल अधिकारी तैनात किये गये हैं। उत्तराखंड शासन की ओर से बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिये सचिव विनोद कुमार सुमन को नई दिल्ली में नोडल अधिकारी बनाया गया है। वहीं, राज्य आपदा परिचालन केन्द्र को सक्रिय किया गया है। इस केंद्र में सभी जनपदों एवं अभिसूचना विभाग से प्राप्त सूचनाएं आरसी ऑफिस एवं एम.ई.ए को दी जायेगी।
सात और छात्र सकुशल लौटे यूक्रेन से
हल्द्वानी। उत्तराखंड के सात और छात्र मंगलवार और बुधवार को यूक्रेन से सकुशल भारत लौट आये हैं। ये छात्र इशा रावत निवासी देहरादून, मो. अनस निवासी हरिद्वार, शैली त्रिपाठी निवासी नैनीताल, तनुश्री पांडे निवासी पिथौरागढ़, सारा अली, शोएब अली और नमिता धीमान निवासी देहरादून हैं। ये सभी एयर इंडिया की फ्लाइट से दिल्ली पहुंचे, जहां उनका दिल्ली स्थित स्थानिक आयुक्त कार्यालय की तरफ से एडिशनल रेजीडेंट कमिश्नर अजय मिश्रा, मनोज जोशी और पीसी नैनवाल ने स्वागत किया।
