यूपी चुनाव 2022: छठे चरण के लिए कल डाले जाएंगे वोट, सीएम योगी की प्रतिष्ठा लगी दांव पर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा के छठे चरण में गुरूवार को 10 जिलों की 57 विधानसभा सीटों के लिये वोट डाले जायेंगे। इस चरण में हाई प्रोफाइल गोरखपुर सदर सीट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रतिष्ठा का इम्तिहान होगा, वहीं कुशीनगर के तमकुहीराज सीट पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और भाजपा छोड़कर सपा …

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा के छठे चरण में गुरूवार को 10 जिलों की 57 विधानसभा सीटों के लिये वोट डाले जायेंगे। इस चरण में हाई प्रोफाइल गोरखपुर सदर सीट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रतिष्ठा का इम्तिहान होगा, वहीं कुशीनगर के तमकुहीराज सीट पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और भाजपा छोड़कर सपा में शामिल होने वाले पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य की फाजिलनगर सीट पर लोगों की खास नजरें होंगी।

सात चरणों तक चलने वाले चुनाव के पहले पांच चरणों में 2017 के विधानसभा चुनाव के मुकाबले मतदान प्रतिशत में गिरावट दर्ज की गयी है जो चुनाव आयोग के लिये चिंता का सबब बना हुआ है। आयोग की कोशिश होगी कि छठवें चरण में अधिक से अधिक मतदान हो।

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने बुधवार को पत्रकारों को बताया कि अम्बेडकरनगर, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संत कबीर नगर, महराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया तथा बलिया जिले में सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक मतदान होगा जिसके लिये सभी इंतजाम पूरे किये जा चुके हैं।

उन्होने बताया कि छठे चरण में 57 विधान सभा क्षेत्रों में 676 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें से 66 महिला प्रत्याशी हैं। इस चरण में 2.15 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे जिनमें 1.15 करोड़ पुरूष, 1.00 करोड़ महिला तथा 1363 तृतीय लिंग के मतदाता हैं।

मतदेय स्थलों पर जो मतदाता शाम छह बजे उपस्थित रहेंगे, उन सभी मतदाताओं को मताधिकार का प्रयोग करने दिया जायेगा। मतदान कुल 25326 मतदेय स्थल तथा 13936 मतदान केन्द्रों में कोविड प्रोटोकाल के तहत संपन्न होगा। मतदान पर सतर्क दृष्टि रखने के लिए आयोग द्वारा 56 सामान्य प्रेक्षक, 10 पुलिस प्रेक्षक तथा 18 व्यय प्रेक्षक भी तैनात किये गये हैं।

उक्त के अतिरिक्त 1680 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 228 जोनल मजिस्ट्रेट, 173 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा 2137 माइक्रो ऑब्जर्वर भी तैनात किये गये हैं। उन्होने बताया कि चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु पर्याप्त मात्रा में अर्द्ध सैनिक बलों की तैनाती की गई है। प्रत्येक मतदान केन्द्र पर अर्द्ध सैनिक बलों की तैनाती सुनिश्चित की गई है एवं ईवीएम के स्ट्रांग रूम की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी अर्द्ध सैनिक बलों को दी गई है। श्री शुक्ला ने बताया कि पांचवे चरण में कुछ अहम दस्तावेज गुम होने के कारण प्रयागराज जिले के 258-हण्डिया विधान सभा क्षेत्र में पुनर्मतदान भी गुरूवार को संपन्न होगा।

छठे चरण में पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके मंत्रियों के अलावा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू समेत कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर होगी।

यह भी पढ़ें: हल्द्वानी: नोटिस अवधि खत्म, शुरू नहीं हुआ जमीन का अधिग्रहण

 

संबंधित समाचार