नैनीताल: चार माह बाद भी महिला रोग विशेषज्ञ ने नहीं संभाला चार्ज
नैनीताल, अमृत विचार। बीडी पांडे महिला अस्पताल में चार माह बीतने के बाद भी महिला रोग विशेषज्ञ ने चार्ज नहीं संभाला है। एक ही महिला डॉक्टर के भरोसे अस्पताल चल रहा है। इससे अस्पताल में गर्भवती महिलाओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और उन्हें इलाज के लिए हल्द्वानी जाना पड़ रहा है। …
नैनीताल, अमृत विचार। बीडी पांडे महिला अस्पताल में चार माह बीतने के बाद भी महिला रोग विशेषज्ञ ने चार्ज नहीं संभाला है। एक ही महिला डॉक्टर के भरोसे अस्पताल चल रहा है। इससे अस्पताल में गर्भवती महिलाओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और उन्हें इलाज के लिए हल्द्वानी जाना पड़ रहा है।
चार माह पहले हल्द्वानी से तबादला होने के बाद भी बीडी पांडे महिला अस्पताल में महिला रोग विशेषज्ञ ने अपना पदभार नहीं संभाला है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग भी इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा, जिससे सीधा असर मरीजों पर पड़ रहा है।
तीन माह से अस्पताल में न तो गर्भवती महिलाओं की सीजेरियन डिलीवरी ठीक से हो पाई है और न ही उनका इलाज हो पा रहा है। महिला अस्पताल की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मंजू रावत का तबादला होने के बाद से अस्पताल में यह पद खाली पड़ा है।
राजकीय महिला अस्पताल हल्द्वानी से डॉ. निशा रानी को पदमुक्त करने के बाद उन्हें नैनीताल के बीडी पांडे महिला अस्पताल में नियुक्ति दी गई थी। हालांकि उन्होंने अब तक पदभार ग्रहण नहीं किया है। डॉ. द्रौपदी गर्ब्याल पर अकेले जिम्मेदारी है। उन्होंने भी 31 जनवरी से ही महिला रोग विशेषज्ञ के तौर पर अपना काम संभाला है। मरीजों की संख्या अधिक होने से उन पर अतिरिक्त कार्य का बोझ है।
…..
कई बार पत्राचार करने के बाद भी हल्द्वानी से डॉ. निशा रानी ने अपना कार्यभार ग्रहण नहीं किया है, जबकि उनको हल्द्वानी से पद मुक्त कर दिया है। इसी के साथ आचार संहिता के चलते कोई नियुक्ति भी नहीं की जा सकती। – डॉ. भागीरथी जोशी, सीएमओ नैनीताल
