पीलीभीत: अबैध संबंध के शक में दोस्त ने की थी बरेली के करन की हत्या

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बिलसंडा,अमृत विचार। शादी समारोह में शामिल होने आए बरेली के करन की उसके ही दोस्त ने हत्या कर दी थी। खुद की पत्नी से अवैध संबंध का शक होने पर दोस्त ने करन की हत्या की साजिश रची और फिर मौका मिलते ही नल का हत्था मारकर मौत के घाट उतार दिया। घटना को छिपाने …

बिलसंडा,अमृत विचार। शादी समारोह में शामिल होने आए बरेली के करन की उसके ही दोस्त ने हत्या कर दी थी। खुद की पत्नी से अवैध संबंध का शक होने पर दोस्त ने करन की हत्या की साजिश रची और फिर मौका मिलते ही नल का हत्था मारकर मौत के घाट उतार दिया। घटना को छिपाने के लिए शव को नहर में फेंक दिया था।

पुलिस ने हत्यारोपी दोस्त को गिरफ्तार कर मृतक का मोबाइल और नल का हत्था बरामद किया। जिसके बाद उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। बरेली जिले के गोसाई गौटिया निवासी करन अपने दोस्त बिथरी-चैनपुर थाना क्षेत्र के गांव चंद्रपुर ढोहरिया निवासी लालकरन के साथ 18 फरवरी को एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए बिलसंडा थाना क्षेत्र के करेली गांव आया था।

इसके बाद करन वापस घर नहीं पहुंचा था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे कि करन का शव करेली गांव के बाहर से गुजर रही नहर में मिल गया था। परिवार वालों ने हत्या की आशंका जताई तो पुलिस भी गंभीरता से छानबीन में जुट गई थी। बुधवार को हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया।

करन की हत्या करने वाला कोई और नहीं, बल्कि उसके साथ शादी में शामिल होने आया उसका ही दोस्त लालकरन निकला। पुलिस के अनुसार मृतक करन का दोस्त लालकरन के घर आना-जाना था। वह लालकरन की गैर मौजूदगी में भी उसके घर आता-जाता था। इस दौरान लालकरन को शक हो गया था कि कहीं उसकी पत्नी से तो करन के संबंध नहीं।

इसे लेकर मन ही मन वह रंजिश पालने लगा। करन की हत्या करने की भी साजिश बना ली थी। सिर्फ सही मौके का इंतजार कर रहा था। 18 फरवरी को जब वह गांव करेली में एक बारात में आए तो वारदात को अंजाम दे डाला। उसी रात नल के हत्थे से वार कर लालकरन ने अपने दोस्त करन की हत्या कर दी।

हत्या जैसे संगीन अपराध को छिपाने के लिए शव को गांव पास से गुजर रही माइनर में फेंक दिया था। माइनर में पानी भरा होने की वजह से दूसरे ही दिन शव उतराता मिला तो ग्रामीण जमा हो गए। सूचना पुलिस को दे दी गई थी। मृतक के परिजन ने भी दोस्त पर ही हत्या का शक जताते हुए नामजद रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। इसके बाद से पुलिस आरोपी को तलाश रही थी। मंगलवार को आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने जुर्म स्वीकार कर लिया। मृतक का मोबाइल और हत्या में इस्तेमाल नल का हत्था भी बरामद हो गया था।

ये भी पढ़ें-

बरेली: उद्यान विभाग निशुल्क बांटेगा तुलसी और सतावर के बीज

संबंधित समाचार