काशीपुर: उच्च शिक्षा के लिए विदेश भेजने के नाम पर हड़पे 18.30 लाख, पांच के खिलाफ रिपोर्ट
काशीपुर,अमृत विचार। उच्च शिक्षा के लिए विदेश भेजने के नाम पर एक युवती से 18.30 लाख रुपये हड़पने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर दो महिलाओं सहित पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है। आईटीआई थाना क्षेत्र के टांडा धनौरी मुस्तकम निवासी भगवंत सिंह …
काशीपुर,अमृत विचार। उच्च शिक्षा के लिए विदेश भेजने के नाम पर एक युवती से 18.30 लाख रुपये हड़पने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर दो महिलाओं सहित पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है।
आईटीआई थाना क्षेत्र के टांडा धनौरी मुस्तकम निवासी भगवंत सिंह पुत्र निशावर ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कहा कि उसने वर्ष 2020 में अपनी पुत्री करमजीत कौर को हायर एजूकेशन के लिए कनाडा भेजने को अपने दूर के रिश्तेदार और बेटे के नजदीकी मित्र मनकीरत सिंह निवासी पईपुरा थाना बिलासपुर जिला रामपुर व गुरजिन्दर सिंह निवासी ग्राम स्थानालाला उर्फ विशनपुरी थाना खजुरिया जिला-सगपुर से बात की। दोनों ने अपने मित्र गुरबाज सिंह निवासी मशबरगंज थाना-खजुरिया जिला रामपुर स्वामी फ्लाई ओवरसीज रुद्रपुर से बात करवाई। तीनों लोगों ने उसे व उसके पुत्र तथा पुत्री को अपने शाखा कार्यालय फ्लाई ओवरसीज काशीपुर में बुलाया और फ्लाई ओवरसीज काशीपुर की स्वामिनी करमजीत कौर व उसके पति बलवंत सिंह उर्फ बल्लू से मुलाकात करवाई और अपने कार्यालय फ्लाई ओवरसीज निकट चामुण्डा अस्पताल काशीपुर बुलाकर कनाडा जाने के बारे में पूरी जानकारी दी।
दो दिन बाद अपने हेड ऑफिस रुद्रपुर मिलने को कहा और रुद्रपुर जाने पर फ्लाई ओवरसीज के कार्यालय चलाने वाले गुरबाज सिंह गिल व वीजा एक्सपर्ट मनदीप कौर से मुलाकात करवाई। उसकी पुत्री करमजीत कौर ने इन लोगों को बताया कि मेरी इंटर में एक कम्पार्टमेन्ट भी आई है, मैं उसको क्लीयर करने के बाद ही आपसे फाइल लगवा दूंगी। तब तक आईलेट्स की तैयारी करना चाहती हूं। तो उक्त लोगों ने बताया कि हमारी सीएनए कॉलेज कनाडा में बहुत अच्छी सैटिंग है। वहां शपथ पत्र प्रस्तुत कर आपको कक्षा 12 उत्तीर्ण की छूट मिल जाएगी।
झांसे में लेकर गुरबाज द्वारा बताया गया कि कनाडा जाने में 18 लाख रुपये खर्च होगें। जिससे आपकी एक वर्ष की कॉलेज फीस, ट्रैवल टिकट, इंश्योरेंस आदि शामिल है। इसके बाद 10 फरवरी 2020 को बलवंत, गुरजिन्दर, मनकीरत उसके घर आकर उसकी बेटी करमजीत कौर का मूल पासपोर्ट व आधार कार्ड फोटो, मार्कशीट आदि व दो लाख रुपये नगद ले गये। इसके बाद गुरबाज द्वारा फोन कर कहा गया कि कनाडा जाने वाले विद्यार्थी का अपना अकाउंट होना चाहिए। बैंक में खाता खुलवाने के बाद चेक बुक पर हस्ताक्षर करवा लिए। गुरबाज द्वारा एक जुलाई 2020 को अपनी स्वयं की प्रोपराइटरशिप फर्म एनोड एजुकेशन में 5 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए। 2 जुलाई 2020 को कमरजीत के खाते में 55 हजार रुपये दोबारा अपनी फर्म एब्रॉड एजुकेशन के खाते में ट्रांसफर कर लिए।
इसके बाद 25 जनवरी 2021 को सीएनए कॉलेज कनाडा का एक ऑफर लेटर फोन पर भेजा और बोला कि अब आप जल्द बकाया पैसों का इंतजाम करो। करमजीत की फीस जमा करनी है। जिस पर दिनांक 17 फरवरी 2021 को गुरजिन्दर व बलवंत उसके घर आये और 3.50 लाख रुपये नगद ले गए। इसके बाद 1.50 लाख रुपये काशीपुर स्थित कार्यालय फ्लाई ओवरसीज में करमजीत कौर को नगद दिये। 28 अगस्त 2021 को उसकी पुत्री करमजीत कौर को दिल्ली एयरपोर्ट से कनाडा के लिए भेज दिया। जैसे ही उसकी पुत्री कनाडा एयरपोर्ट पर पहुंची, वहां इमीग्रेशन डिपार्टमेंट द्वारा उसकी पुत्री को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछने पर पता लगा कि योरपिल्ले यूनिवर्सिटी का ऑफर लेटर प्राप्त कर फीस जमा नहीं करवाई। पता चला कि जिस यूनिवर्सिटी में उक्त लोगों ने उसकी पुत्री को भेजा था वहां करमजीत की न तो फीस जमा थी और न ही जीआईसी फीस जमा की गई थी। उस वीजे पर पहले से फीस रसीदें फर्जी व जीआईसी जमा न करने के कारण रोक लगा दी गई थी और सही कागज व फीस जमा करने का नोटिस जारी किया गया था। उसकी पुत्री को पढ़ने, काम करने पर रोक लगाकर रिफ्यूजी घोषित कर दिया गया। वहां पर उसके साले की बेटी द्वारा अपनी जमानत पर उसकी पुत्री को रिहा करवाकर मामले की सुनवाई तक अपने घर रखा गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पांचों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की है।
