बरेली: बहन से लूटे चेन-कुंडल, कपड़ा व्यापारी पर की फायरिंग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। बदमाश लगातार पुलिस को चुनौती दे रहे हैं। 30 दिन के भीतर प्रेमनगर के उद्यमी संजीव गर्ग, सर्राफा कारोबारी विनय महाजन की हत्या के साथ शहामतगंज चौकी के पास भी मढ़ीनाथ के युवक की हत्या समेत शहर में अन्य कई वारदातें हुईं हैं। इसके बावजूद पुलिस की सक्रियता सड़कों पर नहीं दिख रही …

बरेली,अमृत विचार। बदमाश लगातार पुलिस को चुनौती दे रहे हैं। 30 दिन के भीतर प्रेमनगर के उद्यमी संजीव गर्ग, सर्राफा कारोबारी विनय महाजन की हत्या के साथ शहामतगंज चौकी के पास भी मढ़ीनाथ के युवक की हत्या समेत शहर में अन्य कई वारदातें हुईं हैं। इसके बावजूद पुलिस की सक्रियता सड़कों पर नहीं दिख रही है।

बरेली इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति डा. केशव कुमार अग्रवाल पर जानलेवा हमले ने उद्यमियों और डाक्टरों को डरा दिया। अब फिर शुक्रवार देर शाम बाइक सवार बदमाशों ने कपड़ा व्यापारी पर गोलियां चलाकर दहशत फैला दी। बदमाशों ने कपड़ा व्यापारी और उनकी मौसेरी बहन को रोककर पहले लूटपाट की फिर गोलियां चलाकर फरार हो गए। बदमाश व्यापारी की बहन से सोने की चेन व कुंडल लूट ले गए हैं। एसपी सिटी व सीओ प्रथम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर बदमाशों की तलाश शुरू करा दी है।

इज्जतनगर क्षेत्र के रहपुरा चौधरी निवासी अब्दुल करीब की क्षेत्र के ही महलऊ में कपड़ों की दुकान है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की देर शाम करीब 7 बजे वह अपनी बहन मौसेरी बहन के साथ स्कूटी से घर से निकले थे। रजिया ने बताया कि अब्दुल दिल की बीमारी के मरीज हैं, उसी की दवा लेने के लिए शील चौराहा स्थित निजी अस्पताल पहुंचे थे।

अब्दुल करीब ने बताया कि वापस घर लौटते समय शाम करीब 8 बजे कुदेशिया फाटक से रेलवे कॉलोनी की ओर जाने वाले रास्ते में तीन बाइक सवार युवकों ने उन्हें रोक कर उनसे गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो बाइक सवारों ने उन पर फायरिंग करते हुए रजिया के गले की चेन व कानों से कुंडल खींच लिए और दोबारा फायरिंग करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।

इसके बाद अब्दुल करीम ने थाने पहुंचकर मामले की शिकायत की तब एसपी सिटी रवींद्र कुमार समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी की। देर रात सीओ प्रथम श्वेता कुमारी यादव भी मौके पर पहुंचीं और पीड़ित महिला से बातचीत कर घटना की जानकारी ली।

मौके से मिला खोखा, पुलिस बता रही पुराना

एसपी सिटी जब फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे तो जांच-पड़ताल के दौरान घटना स्थल से पुलिस को एक खाली खोखा भी बरामद हुआ है। हालांकि पुलिस उसे पुराना खोखा बता रही है। साथ ही एसपी सिटी ने खोखा जांच के लिए भेजने की बात कही है।

जमीनी विवाद में गवाह बनने पर व्यापारी पर हमला

थाने में बातचीत के दौरान कपड़ा व्यापारी अब्दुल करीम ने बताया कि हमलावरों में एक आरोपी राजनीतिक पार्टी से जुड़ी बड़ी हस्ती का रिश्तेदार है। साथ ही एक दबंग व हिस्ट्रीशीटर भूमाफिया का गुर्गा भी है। बताया कि बाइक सवार आरोपी उनके गांव में स्थित करीब साढ़े चार बीघा जमीन पर कब्जा करना चाहता है। जिसकी असल मालिक कुछ नाबालिग किशोरियां हैं। कब्जा करने के दौरान आरोपी ने किशोरियों से अभद्रता की थी। जिसके बीच-बचाव में वह पहुंच गए थे। मामले में इज्जतनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी, जिसमें कपड़ा व्यापारी गवाह है। उसी के चलते उन पर हमला हुआ। व्यापारी ने जान को खतरा बताया है।

संबंधित समाचार