हल्द्वानी: सिर मुंडाकर क्यों चल रहें हैं मेडिकल कॉलेज के छात्र… आखिर कोई खुलकर बोलने को राजी क्यों नहीं
हल्द्वानी, अमृत विचार। हल्द्वानी के राजकीय मेडिकल कॉलेज के छात्रों का एक दल कैंपस परिसर में सिर मुंडाकर कतार से चलते नजर आ रहे हैं। उनके पीछे बाकायदा एक सुरक्षा गार्ड भी चल रहा है। क्या कॉलेज में नए छात्रों की रैंगिंग चल रही है या कुछ और इस मामले में कोई भी खुलकर बोलने …
हल्द्वानी, अमृत विचार। हल्द्वानी के राजकीय मेडिकल कॉलेज के छात्रों का एक दल कैंपस परिसर में सिर मुंडाकर कतार से चलते नजर आ रहे हैं। उनके पीछे बाकायदा एक सुरक्षा गार्ड भी चल रहा है। क्या कॉलेज में नए छात्रों की रैंगिंग चल रही है या कुछ और इस मामले में कोई भी खुलकर बोलने को राजी नहीं।
कुछ सीनियर छात्रों से बात की तो उन्होंने मामले से पल्ला झाड़ लिया और कहा कि ऐसा कुछ नहीं है यह वीडियो कब का है कुछ कहा नहीं जा सकता, इधर नए छात्रों से बात करनी चाही तो वह यह कहकर पल्ला झाड़ गए कि सिर में रूसी होने की वजह से उन्होंने बाल कटवाए हैं। अब प्रश्न ये है कि क्या सभी छात्रों के सिर में रूसी हो रही है, जो उन्होंने सामुहिक मुंडन करवा लिया।
खैर एक बात साफ है कि मेडिकल कॉलेज में रैगिंग तो हुई है मगर मामला तूल न पकड़े इसलिए कॉलेज प्रशासन ने छात्रों को सख्त हिदायत देकर मामले पर चुप्पी साधने को कहा हो, ऐसा सौ फीसदी सच हो सकता है। इधर कॉलेज प्रबंधन का कहना है कि उसके पास रैगिंग की कोई शिकायत नहीं आयी है। शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज परिसर के एक वीडियो में 27 से ज्यादा छात्रों का एक ग्रुप कतार में चलते दिखा। इसके अलावा एक अन्य जगह पर भी करीब 7 स्टूडेंट्स इसी तरह से एक कतार में चलते नजर आए। सभी छात्र सिर झुकाए हुए चल रहे थे। हैरानी की बात यह है कि सभी छात्रों के सिर गंजे थे। इनमें से कुछ छात्र एप्रन पहने हुए थे और पीठ पर बैग लादकर चल रहे थे। पड़ताल में पता लगा कि यह सभी एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्र हैं। चर्चा है कि, प्रथम वर्ष के सभी स्टूडेंट्स को बाल कटवाने के निर्देश इनके सीनियरों ने दिए हैं। ये छात्र सीनियर साथियों के आदेश का पालन कर रहे हैं। ऐसे में इस मामले को रैंगिंग से जोड़कर देखा जा रहा है।
