अयोध्या में अपर जिला जज की पत्नी, बच्ची व ड्राइवर को लग्जरी गाड़ी से कुचलकर मारने का किया प्रयास, मचा हड़कंप
अयोध्या। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, विशेष न्यायाधीश (गैंगस्टर एक्ट) अभिषेक कुमार बगाडिया की पत्नी, बच्ची और ड्राइवर को कुचलकर मारने का प्रयास किया गया। यह घटना दोपहर उस वक्त हुई जब जिंगल बेल स्कूल से जज की पत्नी अपनी बच्ची और चालक के साथ लौट रहीं थीं। उनकी गाड़ी थोड़ी ही दूर थी जब …
अयोध्या। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, विशेष न्यायाधीश (गैंगस्टर एक्ट) अभिषेक कुमार बगाडिया की पत्नी, बच्ची और ड्राइवर को कुचलकर मारने का प्रयास किया गया। यह घटना दोपहर उस वक्त हुई जब जिंगल बेल स्कूल से जज की पत्नी अपनी बच्ची और चालक के साथ लौट रहीं थीं। उनकी गाड़ी थोड़ी ही दूर थी जब उन्हें एक लग्जरी गाड़ी पर सवार लोगों ने कुचलने का प्रयास किया।
इस घटना को लेकर प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। दोपहर बाद आरोपितों के विरूद्ध चालक की तहरीर पर जान से मारने समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। एसओ कैंट ने बताया मुख्य आरोपी मनोज मल्होत्रा को गिरफ्तार कर लिया गया है, दूसरे साथी की तलाश की जा रही है।
चालक शक्ति सिंह की ओर से दी गई तहरीर में कहा गया है कि शनिवार दोपहर 2:15 बजे वह जज साहब की पत्नी और बच्ची के साथ स्कूल से पैदल गाड़ी की ओर आ रहा था तभी दो लोग हमलावर हुए और बोले- यह है जज साहब की पत्नी, जहां हमारा मुकदमा चल रहा है और जान से मारने की नियत से गाड़ी से कुचलने का प्रयास किया। यह जानकारी तत्काल जज को दी गई तो पुलिस और जिला प्रशासन खड़खड़ा गया।
जज ने मोबाइल एप से पता किया तो गाड़ी निलिमा मल्होत्रा जालपा नाला की निकली। इसके बाद पता चला कि मनुज मल्होत्रा कुछ दिनों पहले हुए बहुचर्चित मनोज शुक्ला हत्याकांड में मुख्य आरोपी है जिसका मुकदमा गैंगस्टर कोर्ट में चल रहा है। इसी को लेकर उसने शनिवार को यह दुस्साहसिक वारदात अंजाम देने की कोशिश की। जज की पत्नी और बच्ची पर हमले की कोशिश की खबर मिलते ही पुलिस और प्रशासन के पसीने छूट गए।
इसके बाद आनन फानन में कैंट पुलिस ने मुख्य आरोपी मनुज मल्होत्रा निवासी जालपा नाला को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरे साथी की तलाश की जा रही है। एसओ कैंट अरूण प्रताप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से कड़ी पूछताछ की जा रही है। इस घटना से पुलिस और जिला प्रशासन में खलबली मची हुई है।
यह भी पढ़ें: अंधविरोध ही विपक्ष की राजनीतिक विचारधारा : प्रधानमंत्री मोदी
