अयोध्या: जज आवास पर बढ़ाई गई सुरक्षा, पुलिस की लापरवाही का मामला आया सामने

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। अयोध्या में जज की पत्नी व बच्ची को कुचलकर मारने के प्रयास के मामले में पुलिस का लचर रवैया सामने आया है। एक आरोपी की गिरफ्तारी के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस अभी तक दूसरे आरोपी का पता नहीं लगा पाई है। हालांकि पुलिस अधिकारियों का मानना है कि आरोपी की …

अयोध्या। अयोध्या में जज की पत्नी व बच्ची को कुचलकर मारने के प्रयास के मामले में पुलिस का लचर रवैया सामने आया है। एक आरोपी की गिरफ्तारी के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस अभी तक दूसरे आरोपी का पता नहीं लगा पाई है। हालांकि पुलिस अधिकारियों का मानना है कि आरोपी की तलाश में टीमें गठित की गई हैं। जज के आवास जजेज कॉलोनी की सुरक्षा बढ़ाते हुए उनकी पत्नी को भी एक गनर दिया गया है। पुलिस का दावा है कि मामले में जो भी आरोपी है उसे गिरफ्तार कर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

अपर जिला व सत्र-विशेष न्यायाधीश गैंगस्टर एक्ट अभिषेक कुमार बगाडिया की पत्नी, बच्ची और ड्राइवर को शनिवार की दोपहर कार से कुचल कर मारने का प्रयास किया गया था। गद्दोपुर रोड स्थित जिंगल बेल स्कूल से बच्ची को लेकर ड्राइवर के साथ कार के पास आ रहीं जज की पत्नी को गाड़ी से कुचलने का प्रयास किया गया था। इसके बाद चालक शक्ति सिंह की तहरीर पर थाना कैंट में केस दर्ज किया गया था।

इस दौरान जज ने आरोपियों की गाड़ी के नंबर को परिवहन एप पर चेक किया। पता चला कि गाड़ी निलिमा मल्होत्रा निवासी जालपा नाला की है। पुलिस ने मामले में बहुचर्चित मनोज शुक्ला हत्याकांड के आरोपी मनुज मल्होत्रा को गिरफ्तार कर लिया। मनुज जमानत पर चल रहा था। एफआईआर में दूसरे अज्ञात आरोपी पर केस दर्ज किया गया था। पुलिस का कहना है आरोपी की धरपकड़ के लिए टीमें गठित की गई हैं। जज के आवास पर दो और सुरक्षा कर्मी तैनात किए गए हैं। साथ ही उनकी पत्नी को भी सुरक्षा के लिहाज से एक गनर उपलब्ध कराया गया है।

स्कूल के बाहर भी होगी नियमित चेकिंग

गद्दोपुर रोड स्थित जेबीए से बच्ची को लेकर बाहर आ रही जज की पत्नी को कुचलने के प्रयास के बाद से प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्कूल के बाहर अब नियमित चेकिंग की व्यवस्था की जाएगी। आरोपी मनुज वर्ष 2019 में हुए शहर के बहुचर्चित मनोज शुक्ल हत्याकांड में आरोपी भी है।

एसपी सिटी विजय पाल सिंह ने कहा ये

पुलिस की टीमें गठित की गई हैं। आरोपी की तलाश में छापेमारी भी की जा रही है। मामले में आरोपी कोई भी हो उस पर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

पढ़ें-Shane Warne Death: शेन वॉर्न के कमरे से मिला खून, थाईलैंड पुलिस ने किया खुलासा

संबंधित समाचार