लखीमपुर-खीरी: व्यापारी की कनपटी पर तमंचा लगाकर बदमाशों ने लूटी स्कूटी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। डॉक्टर के घर करीब 20 लाख की हुई चोरी की घटना को 24 घंटे भी नहीं बीत पाए थे कि पुलिस से बेखौफ बदमाशों ने रविवार की रात शहर में एक और वारदात को अंजाम दे डाला। बाइक सवार तीन बदमाशों ने दुकानबंद कर घर जा रहे व्यापारी को रोक लिया। उनकी …

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। डॉक्टर के घर करीब 20 लाख की हुई चोरी की घटना को 24 घंटे भी नहीं बीत पाए थे कि पुलिस से बेखौफ बदमाशों ने रविवार की रात शहर में एक और वारदात को अंजाम दे डाला। बाइक सवार तीन बदमाशों ने दुकानबंद कर घर जा रहे व्यापारी को रोक लिया। उनकी कनपटी पर तमंचा लगाकर स्कूटी लूट ली और भाग निकले। सदर कोतवाली पुलिस ने लूट की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। लगातार हो रही घटनाओं से शहर के लोग खौफजदा हैं।

पुलिस अफसरों की ढिलाई से शहर में इन दिनों अपराधियों का बोलबाला है। सरेराह पर्स छिनैती, लूट व चेन स्नेचिंग की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस न तो अपराधियों को पकड़ पा रही है और न ही अपराधों पर अंकुश लगा पा रही है। पुलिस से बेखौफ अपराधी लगातार घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। शहर के मोहल्ला शास्त्रीनगर निवासी दिनेश चौरसिया गुटखा के थोक व्यापारी हैं। उनकी घसियारी सब्जी मंडी में दुकान है।

दुकानदार दिनेश चौरसिया ने बताया कि रविवार की देर शाम दुकान बंद की और अपनी स्कूटी से रोज की तरह घर जा रहे थे। वह डॉक्टर दिनेश दुआ वाली गली में पहुंचे थे। तभी एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। एक बदमाश ने कनपटी पर तमंचा लगा दिया और शोर मचाने पर गोली मार देने की धमकी दी। बदमाशों ने उसकी तलाशी ली। इस दौरान जेब में निकली कुछ नगदी भी बदमाशों ने ले ली। तलाशी के दौरान ही एक बदमाश ने उनसे स्कूटी छीन ली।

उसके बाद एक बदमाश स्कूटी लेकर मौके से भाग निकले। उन्होंने बताया कि घटना रात करीब 10:30 बजे की है। बदमाशों के जाने के बाद उन्होंने शोर मचाया। शोर शराबा होने पर जब तक लोग घरों से बाहर आते। इससे पहले ही बदमाश आंखों से ओझल हो चुके थे। उन्होंने घटना की सूचना यूपी 112 पुलिस और सदर कोतवाली पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। बदमाशों की खोजबीन की, लेकिन पुलिस बदमाशों का कोई पता नहीं लगा सकी। व्यापारी ने अज्ञात तीन बाइक सवार बदमाशों के खिलाफ सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। इस वारदात से करीब 20 घंटे पहले चोरों ने गोला रोड स्थित डॉक्टर सर्वेश चौधरी के आवास से 90 हजार रुपये की नगदी और करीब 18 लाख रुपये के सोने, चांदी व डायमंड के जेवर चोरी कर ले गए थे। लगातार हो रहीं चोरियों से शहरवासी खौफजदा है।

लाखों की चोरी का खुलासा नहीं
गोला गोर्कणनाथ रोड स्थित उदयपुर महेवा में किराए के मकान में रहने वाले डॉक्टर सर्वेश कटियार के घर करीब 19 लाख रुपये की चोरी को हुए 72 घंटे से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन हाईटेक सदर कोतवाली पुलिस अभी तक चोरों का पता नहीं लगा सकी है। जबकि इस घटना के खुलासे के लिए क्राइम ब्रांच की स्पेशल स्वॉट टीम और कोतवाली पुलिस लगी है। पुलिस की नजर पेशेवर अपराधियों पर है।

पुलिस का मानना है कि चोरों ने जिस अंदाज में घटना को अंजाम दिया है। उससे यह साफ होता है कि चोर पेशेवर हैं। शायद यही वजह है कि पुलिस ने कुछ पेशेवर चोरों को हिरासत में लिया है, जिनसे पुलिस की पूछताछ जारी है, लेकिन 72 घंटे के बाद भी पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है।

व्यापारी की तहरीर पर अज्ञात तीन बाइक सवार बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आसपास के कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। डॉक्टर के घर हुई चोरी का खुलासा करने का प्रयास पुलिस कर रही है। जल्द ही दोनों घटनाओं का खुलासा किया जाएगा।-
अरुण कुमार सिंह, शहर कोतवाल

इसे भी पढ़ें-

लखीमपुर-खीरी: संदिग्ध हालात में महिला की मौत, बेटे ने डॉक्टर पर लगाया गलत दवा देने का आरोप

 

 

 

संबंधित समाचार