कूड़े में मिलीं दवाएं बाहर से लाकर फेंकीं गईं : सीएमओ
कन्नौज। जिला अस्पताल के पास स्थित ट्रामा सेंटर के भवन में पहले एक्सपायर दवाओं का ढेर मिलने और फिर शराब की बोतलें मिलने के बाद से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं इस मामले को लेकर सीएमओ का कहना है कि यहां मिलीं दवाएं न तो सीएमओ कार्यालय के वेयर हाउस और न …
कन्नौज। जिला अस्पताल के पास स्थित ट्रामा सेंटर के भवन में पहले एक्सपायर दवाओं का ढेर मिलने और फिर शराब की बोतलें मिलने के बाद से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं इस मामले को लेकर सीएमओ का कहना है कि यहां मिलीं दवाएं न तो सीएमओ कार्यालय के वेयर हाउस और न ही जिला अस्पताल की हैं। ये बाहर से किसी ने लाकर फेंकीं हैं। दूसरी तरफ शराब की बोतलें मिलने के मामले में सीएमएस ने कहा कि निरीक्षण के दौरान ऐसा कुछ नहीं मिला। जल्द भवन को खाली कराकर ट्रामा सेंटर को संचालित किया जाएगा।
बताते चलें कि शनिवार को ट्रामा सेंटर के भवन में कूड़े में एक्सपायर दवाओं और हाइपोडर्मिक नीडिल मिलने का वीडियो वायरल हुआ तो विभाग में हड़कंप मच गया था। प्रकरण में सीएमओ डॉ. विनोद कुमार ने जांच की बात कही थी। फिर अगले ही दिन रविवार को ट्रामा सेंटर के ही भवन में भारी मात्रा में शराब व बीयर के केन मिलने की खबर आम हुई थी। मामले में सीएमएस ने जांच की बात कही थी।
सीएमओ डॉ. विनोद कुमार ने एक्सपायर दवा कूड़े में मिलने के मामले में जांच के लिए डॉ. डीपी आर्या, डा. एके जाटव की टीम बनाई थी। टीम ने सोमवार को जिला अस्पताल पहुंचकर जांच की। इस संबंध में सीएमओ ने बताया कि जो दवा मिली थी वह 10 मिलीग्राम की है और यह न तो जिला अस्पताल में आई और न ही सीएमओ दफ्तर के वेयर हाउस में। हाइपोडर्मिक नीडिल का प्रयोग 15 साल पहले किया जाता था। अब तो डिस्पोजल नीडिल का प्रयोग किया जाता है।
बताया कि यह सब चीजें किसी ने बाहर से लाकर यहां फेंकने की शरारत की है। दूसरी तरफ सीएमएस डॉ. शक्ति बसु ने बताया कि उन्होंने ट्रामा सेंटर का निरीक्षण किया तो वहां कोई शराब की बोतल आदि नहीं मिलीं। फिर भी अब भवन को एक हफ्ते के भीतर खाली कराकर इसमें ट्रामा सेंटर की सुविधाएं शुरू कर दी जाएंगी। स्टाफ की बात पूछे जाने पर कहा कि फिलहाल एक हड्डी रोक विशेषज्ञ हैं। उनके सहारे सेवाएं प्रारंभ की जाएंगी। 108 एंबुलेंस सेवा के ऑफिस के लिए एक कमरे की व्यवस्था करा देंगे।
यह भी पढ़ें:-हल्द्वानी: महिला उत्पीड़न और नशे के खिलाफ जारी हुआ हेल्पलाइन नंबर- 80777 83863
