काशीपुर: बैंक मैनेजर पर लगाया धोखाधड़ी का आरोप
काशीपुर, अमृत विचार। एक व्यक्ति ने आईसीआईसीआई बैंक के मैनेजर पर उसके खाते से धोखाधड़ी कर 3 लाख 96 हजार 255 रुपये निकालने का आरोप लगाया है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर आरोपी बैंक मैनेजर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आईटीआई थाना क्षेत्र के कचनाल गाजी निवासी मेघश्याम पुत्र भोजराज सिंह रावत ने …
काशीपुर, अमृत विचार। एक व्यक्ति ने आईसीआईसीआई बैंक के मैनेजर पर उसके खाते से धोखाधड़ी कर 3 लाख 96 हजार 255 रुपये निकालने का आरोप लगाया है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर आरोपी बैंक मैनेजर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
आईटीआई थाना क्षेत्र के कचनाल गाजी निवासी मेघश्याम पुत्र भोजराज सिंह रावत ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट काशीपुर की कोर्ट में 156 (3) के तहत प्रार्थना पत्र देकर कहा कि उसने अपना एक बचत खाता बाजपुर रोड स्थित आईसीआईसीआई बैंक में खुलवाया था। जिसमें उसने करीब 4 लाख रुपये जमा किए हैं।
बताया कि बीती 9 मई 2019 को उसके खाते से 3 लाख 96 हजार 255 रुपये बिना उसकी जानकारी और सहमति के अवैध रूप से बैंक द्वारा आहरित कर लिये गये। जब इस संबंध में उसने बैंक प्रबंधक और बैंक के कस्टमर केयर में संपर्क किया तो उसे कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद उसने उच्चाधिकारियों को भी इस संबंध में अवगत कराया।
लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोप लगाया कि बैंक प्रबंधक ने अपने अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मिलकर अवैध रूप से उसके खाते से धनराशि आहरित कर धोखाधड़ी की है। पीड़ित ने कहा कि जब उसने बैंक मैनेजर हिमांशु जोशी से पैसे निकालने का कारण पूछा तो उसने बताया कि तुम्हारे ऊपर बैंक का लोन था। उसी की वजह से पैसे काटे गए हैं। जबकि उसने किसी भी प्रकार का बैंक से कोई लोन नहीं लिया है। आईटीआई पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर आरोपी बैंक मैनेजर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
