लखनऊ: 1090 वूमेन पावर लाइन को और सुलभ बनाएगी यूपी पुलिस, खाका तैयार
लखनऊ। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर पूरे विश्व में महिलाओं के सम्मान और उनके अधिकारों के संरक्षण की बातें चल रही हैं। महिलाओं को सुरक्षा और सम्मान दिलाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से भी कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इसी कड़ी में अब उत्तर प्रदेश पुलिस की 1090 वूमेन पॉवर लाइन …
लखनऊ। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर पूरे विश्व में महिलाओं के सम्मान और उनके अधिकारों के संरक्षण की बातें चल रही हैं। महिलाओं को सुरक्षा और सम्मान दिलाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से भी कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इसी कड़ी में अब उत्तर प्रदेश पुलिस की 1090 वूमेन पॉवर लाइन सेवा को और बेहतर और सुलभ बनाने की कवायद भी शुरू की जा रही है।
ग्रामीण महिलाएं भी आसानी से कर सकें उपयोग
1090 वूमेन पॉवर लाइन (डब्ल्यूपीएल) सेवा को लेकर शहरी महिलाएं काफी जागरूक हैं पर ग्रामीण महिलाओं में अपेक्षाकृत कम जागरूकता है। इसे लेकर ग्रामीण महिलाओं को 1090 डब्ल्यूपीएल के लिए जागरूक करने के लिए कई नई पहल की जाएंगी। ग्राम पंचायतों से मदद ली जायेगी और क्षेत्रीय कलाकारों की मदद से गांवों में नुक्कड़ नाटक आयोजित किये जाएंगे।
पुलिस चौकियों में लगेंगे पोस्टर
जागरुकता बढ़ाने के क्रम में पुलिस की ओर से 1090 सेवा को लेकर आला पुलिस अधिकारियों के कार्यालयों से लेकर पुलिस चौकियों तक जागरुकता पोस्टर्स लगाये जायेंगे। वहीं पुलिस चौकियों में पहुंचने वाली पीड़िताओं को 1090 सर्विस के बारे में जानकारी दी जायेगी।
रिस्पांस टाइम और फीडबैक किया जायेगा बेहतर
1090 सेवा के रिस्पांस टाइम और फीडबैक सिस्टम को और भी बेहतर करने पर काम किया जा रहा है। इसके तहत कॉल सेंटर में रिपोर्ट होने पर तत्काल स्थानीय पुलिस से संपर्क कर पीड़िता तक पहुंचना और कंप्लेन लेना। जल्द से जल्द मामले का निष्पादन कर उसके बाद भी एक महीने के अंदर कम से कम तीन बार पीड़िता से फीडबैक लेने पर बेहतर तरीके से काम किया जाएगा।
104 गुना तक बढ़ी शिकायतों की रिपोर्टिंग : डीजीपी
डीजीपी मुकुल गोयल ने बताया कि महिलाओं के साथ होने वाले कई अपराध इसलिए दर्ज नहीं हो पाते थे क्योंकि महिलाएं समाज में नाम जाहिर होने से डरती थीं। इसके लिए 1090 डब्ल्यूपीएल को 05 नवंबर 2012 को शुरू किया गया था। जिसके तहत महिलाओं की पहचान छिपाते हुए उन्हें पूरी सहूलियत देते हुए छेड़खानी, घरेलू हिंसा, उत्पीड़न आदि मामले की रिपोर्टिंग व पड़ताल की जा सके।
इस सेवा से अब महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों में 104 गुना तक की बढ़ोत्तरी हुई है। अब पुलिस इस सेवा को और भी बेहतर और सुलभ करने पर काम कर रही है। 1090 सेवा का रिपोर्टिंग सिस्टम, रिस्पांस टाइम और फीडबैक सिस्टम बेहतर किया जा रहा है। जागरुकता बढ़ाने के लिए भी कई प्रयास किये जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: बरेली: परसाखेड़ा वेयर हाउस पर खाली बैलेट पेपर लेकर आई गाड़ी, सपाइयों का हंगामा
