अयोध्या में 30 राउंड में होगी काउंटिंग, सुरक्षा को लेकर बढ़ाए गए इंतजाम, तैनात की गई पुलिस बल
अयोध्या। जिला प्रशासन ने गुरुवार को होने वाली मतगणना की सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतगणना स्थल को कड़े सुरक्षा कवच में जकड़ा गया है। सबसे पहले अयोध्या का रिजल्ट आएगा। यहां 30 राउंड में मतगणना होगी। वहीं बीकापुर-रुदौली में 31, मिल्कीपुर में 33 व गोसाईगंज में 34 राउंड में काउंटिंग होनी है। इतना …
अयोध्या। जिला प्रशासन ने गुरुवार को होने वाली मतगणना की सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतगणना स्थल को कड़े सुरक्षा कवच में जकड़ा गया है। सबसे पहले अयोध्या का रिजल्ट आएगा। यहां 30 राउंड में मतगणना होगी। वहीं बीकापुर-रुदौली में 31, मिल्कीपुर में 33 व गोसाईगंज में 34 राउंड में काउंटिंग होनी है। इतना ही नहीं पांच पांच बूथों की लाटरी निकाल ईवीएम और वीवीपैट मशीन से मिलान भी किया जाएगा। माना जा रहा है कि रूझान सुबह नौ बजे से मिलने शुरू हो जाएंगे। इसी के साथ पांचों विधानसभा के 46 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला भी हो जाएगा। मतगणना की शुरुआत पोस्टल बैलेट की गिनती से होगी।
मतगणना राजकीय इंटर कॉलेज में प्रात: 8 बजे से प्रारम्भ होगी। माइक्रोआब्जर्बर, मतगणना पर्यवेक्षक, मतगणना सहायक व अन्य कार्मिक व एजेंट मतगणना प्रारम्भ होने से पूर्व प्रात: 7:30 बजे तक पहुंच जाएंगे। मतगणना एजेंट और प्रत्याशी राजकीय इंटर कालेज के मुख्य गेट से व मतगणना कार्मिकों कालेज के पिछले गेट से प्रवेश करेंगे। मतगणना कार्मिकों के वाहन पिछले गेट के बाहर स्थित पशु चिकित्सालय व स्टेडियम में ही पार्क होंगे। कॉलेज के परिसर से 100 मीटर की परिधि में किसी भी वाहन के प्रवेश की अनुमति नहीं दी जायेगी। मतगणना परिसर के अंदर किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रानिक डिवाइस, नहीं अनुमन्य है।
जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम नितीश कुमार और एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने संयुक्त रूप से बताया है कि मतगणना के पश्चात किसी भी प्रत्याशी द्वारा विजय जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी। मतगणना का परिणाम राउण्डवार घोषित किया जाएगा। अधिकृत पास होने पर ही मीडिया कर्मी प्रवेश पा सकेंगे। प्रत्याशियों के वही एजेंट परिसर के अंदर प्रवेश पा सकेंगे, जिनको कोविड की दोनों डोज लग चुकी है। इसका भी प्रमाण प्रवेश के समय दिखाना होगा।
मतगणना के लिए निर्वाचन आयोग ने कई व्यवस्थाएं की हैं
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एडीएम अमित सिंह ने बुधवार को बताया कि मतगणना के लिए निर्वाचन आयोग ने कई व्यवस्थाएं की हैं। परिणाम का परीक्षण कराने के लिए मतगणना पूरी होने के बाद पांचों विधानसभा क्षेत्रों के पांच-पांच बूथों के ईवीएम के वोट और वीवीपैट पर्चियों का मिलान होगा। इन पांच-पांच बूथों का चयन मतगणना पांडाल में ही लॉटरी सिस्टम से होगा। मतगणना अनुमानित दोपहर बाद तक चलेगी। मतदेय स्थलों के अनुसार कराई गई राउंडवार मतगणना पूरी होने के बाद चुनाव परिणाम का परीक्षण भी होगा।
इसके तहत जब राउंडवार मतगणना पूरी हो जाएगी, तब संबंधित विधानसभा के पांच बूथों की रैंडम मिलान कराया जाएगा। यह मिलान ईवीएम के वोट और वीवीपैट की पर्चियों का होगा। दरअसल इसमें देखा जाएगा कि जितने ईवीएम में वोट डाले गए हैं, वीवीपैट में उतनी ही पर्चियां हैं या नहीं। संबंधित विधानसभा के आरओ इस मिलान को कराएंगे। इसके लिए राजनैतिक दलों के एजेंटों के समक्ष विधानसभाओं के पांच-पांच बूथों का चयन लॉटरी सिस्टम से होगा।
पढ़ें-अमरोहा : मतगणना को लेकर सभी तैयारियां पूरी, चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस फोर्स तैनात
