बांदा: तीन सीटों पर खिला कमल,एक पर दौड़ी साइकिल
बांदा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में बुंदेलखंड के बांदा जिले की चार विधानसभा सीट में से तीन पर भारतीय जनता पार्टी ने अपना वर्चस्व कायम रखा है जबकि एक सीट पर समाजवादी पार्टी ने जीत का परचम लहराया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने चारों विधानसभा सीटों के परिणामों की घोषणा करते हुए गुरूवार को बताया …
बांदा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में बुंदेलखंड के बांदा जिले की चार विधानसभा सीट में से तीन पर भारतीय जनता पार्टी ने अपना वर्चस्व कायम रखा है जबकि एक सीट पर समाजवादी पार्टी ने जीत का परचम लहराया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने चारों विधानसभा सीटों के परिणामों की घोषणा करते हुए गुरूवार को बताया कि बांदा सदर विधानसभा सीट से भाजपा के प्रकाश द्विवेदी ने समाजवादी पार्टी की मंजुला सिंह को 15214 मतों से हराया।
नरेनी विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार ओममणि वर्मा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी सपा की किरण वर्मा को 6719 मतों से शिकस्त दी। तिंदवारी विधानसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी रामकेश निषाद ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी सपा के ब्रजेश कुमार प्रजापति को 28425 वोटो से मात दी है।
भाजपा उम्मीदवार को 86812 और सपा उम्मीदवार को 58387 मत हासिल हुए। ब्रजेश कुमार विधायक पद छोड स्वामीप्रसाद मौर्य के साथ समाजवादी पार्टी में चले गये थे और सपा ने तिंदवारी से उन्हें उम्मीदवार बनाया था। दूसरी ओर बबेरू विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार विशम्भर यादव ने भाजपा के उम्मीदवार अजय पटेल को छकाते हुए 7393 मतों से जीत हासिल की।
इस तरह बबेरू सीट पर सपा ने अपना कब्जा जमाकर बांदा जिले में एक बार फिर क्लीनस्वीप की उम्मीद लगाये बैठे भाजपा को झटका दिया। बांदा जिले में पिछले चुनाव की तुलना में भाजपा को एक सीट का नुकसान हुआ।
