हल्द्वानी: प्रदेश के सबसे बड़े विजेता बने उमेश कुमार काऊ

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

आदित्य प्रकाश पंत, अमृत विचार, हल्द्वानी। प्रदेश में एक बार फिर 48 सीटों के साथ भाजपा की सरकार बनने जा रही है। राज्य गठन के बाद भाजपा ने लगातार दूसरी बार सरकार बनाकर रिकॉर्ड भी कायम कर लिया है। प्रदेश की 70 विधानसभाओं में जीत के अंतर पर गौर करें तो रायपुर विधानसभा सीट से …

आदित्य प्रकाश पंत, अमृत विचार, हल्द्वानी। प्रदेश में एक बार फिर 48 सीटों के साथ भाजपा की सरकार बनने जा रही है। राज्य गठन के बाद भाजपा ने लगातार दूसरी बार सरकार बनाकर रिकॉर्ड भी कायम कर लिया है। प्रदेश की 70 विधानसभाओं में जीत के अंतर पर गौर करें तो रायपुर विधानसभा सीट से भाजपा के उमेश कुमार काऊ ने पूरे प्रदेश में रिकॉर्डतोड़ जीत दर्ज की है।

काऊ ने कांग्रेस के विधायक प्रत्याशी हीरा सिंह बिष्ट को 30052 वोटों के अंतराल से हराया है। यह जीत पूरे प्रदेश में ऐतिहासिक जीत है। इसके अलावा श्रीनगर विधानसभा सीट से भाजपा के डॉ. धन सिंह बिष्ट ने कांग्रेस के प्रत्याशी गणेश गोदियाल को कड़ी टक्कर देते हुए 276 वोटों के अंतराल से हराया है। 2008 में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र परिसीमन के बाद अस्तित्व में आए देहरादून जिले में स्थित रायपुर विधानसभा की सीट अनारक्षित है।

परिसीमन के बाद इस क्षेत्र के विधायक उमेश कुमार काऊ रहे हैं। 2012 में इस सीट पर जब पहली बार विधानसभा चुनाव हुए थे तो काऊ को कांग्रेस पार्टी ने यहां से विधायक प्रत्याशी बनाया और भाजपा के तत्कालीन सरकार में मंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत प्रत्याशी बनाया। इन दोनों के बीच यहां कांटे की टक्कर हुई और काऊ ने त्रिवेंद्र रावत को 476 वोटों के अंतराल से हराया।

2017 में भी बनाया रिकॉर्ड
2016 में भाजपा सरकार ने हरीश रावत के जिन 10 विधायकों को तोड़ा उनमें उमेश कुमार काऊ भी शामिल थे। भाजपा में शामिल होने के बाद काऊ ने इस सीट से अपना टिकट पक्का कर लिया। इसी कारण त्रिवेंद्र सिंह रावत को यह सीट छोड़कर दूसरी जगह जाना पड़ा। कांग्रेस के लिए यह सीट तभी से काफी मुश्किल भरी हो गई। 2017 के विधानसभा चुनाव में उमेश कुमार काऊ ने कांग्रेस के प्रभुलाल को रिकॉर्डतोड़ वोटों से हराया था।

इन्होंने भी दर्ज की बड़ी जीत
देहरादून कैंट विधानसभा सीट से बीजेपी की सविता कपूर ने भी कांग्रेस के सूर्यकांत धस्माना को 20938 वोटों के अंतराल से, डोईवाला विधानसभा सीट से भाजपा के ब्रज भूषण गैरोला ने कांग्रेस के गौरव को 27533 वोटों से हराया है। इसके अलावा कालाढूंगी विधानसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी बंशीधर भगत ने कांग्रेस के महेश शर्मा को 24057 वोटों के भारी अंतराल से पराजित किया है। चुनाव के समय ऑडियो वायरल होने के बाद विवादों में आए बंशीधर भगत ने भी यह साबित कर दिया कि कालाढूंगी सीट से कोई भी प्रत्याशी उनकी जीत को तोड़ नहीं सकता है।

संबंधित समाचार