मुरादाबाद : मंडी समिति के बाहर पुलिस और भाजपाइयों के बीच हुई नोकझोंक, पैरामिलिट्री फोर्स ने शांत कराया मामला
मुरादाबाद/अमृत विचार। जिले की पांच सीटों पर हार और महानगर की सीट पर चल रही कशमकश से भाजपाई और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। मुरादाबाद सदर की सीट में परिणाम घोषित होने में हो रही देरी के कारण भारी संख्या में भाजपाई मंडी समिति के गेट पर एकत्र हो गए। जानकारी होने पर …
मुरादाबाद/अमृत विचार। जिले की पांच सीटों पर हार और महानगर की सीट पर चल रही कशमकश से भाजपाई और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। मुरादाबाद सदर की सीट में परिणाम घोषित होने में हो रही देरी के कारण भारी संख्या में भाजपाई मंडी समिति के गेट पर एकत्र हो गए। जानकारी होने पर एसपी ट्रैफिक फोर्स के साथ उनको हटाने गए तो वह आपा खो बैठे। भाजपाई पुलिस पर धक्का-मुक्की का आरोप लगाने लगे। जिससे माहौल गर्म हो गया। सूचना पर पहुंची पैरा मिलेट्री फोर्स ने मामला शांत किया।
दरअसल मंडी समिति के आसपास सुबह से ही सभी पार्टियों के कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा था। सुबह के वक्त पुलिस की सख्ती होने के कारण कार्यकर्ता दिल्ली रोड पर डेरा डाले हुए थे। दोपहर से ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूरे प्रदेश में पार्टी की प्रचंड जीत पर जश्न मनाना शुरू कर दिया था। हालांकि जिले की सभी छह सीटों पर उनकी नजरें लगी हुई थी। एक-एक सीट पर चल रही कांटे की टक्कर के कारण भाजपा और सपा कार्यकर्ताओं की धड़कने भी बढ़ रही थी। पांच सीटों पर मिली हार के बाद भाजपा कार्यकर्ता काफी निराश हो गए। अंतिम उम्मीद मुरादाबाद सदर की सीट पर टिकी हुई थी। देर शाम तक परिणाम घोषित करने की चल रही कशमकश के बीच भाजपाइयों के सब्र का बांध टूट गया। भारी संख्या में वह मंडी समिति के गेट पर एकत्र होने लगे। जिस वक्त कार्यकर्ता जुट रहे थे, उस वक्त ईवीएम खराब होने के कारण वीवीपैट से मतगणना चल रही थी।
हम शांति से खड़े हैं फिर भी पुलिस कर्मी दे रहे धक्का
मंडी समिति के गेट पर भाजपाइयों की भीड़ लगने की जानकारी मिलने पर एसपी ट्रैफिक अशोक कुमार सिंह भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिसकर्मियों ने जब भाजपाइयों को वहां से हटाने का प्रयास किया तो वह बिफर गए। उनका कहना था कि वह शांति से खड़े हैं। इसके बाद भी पुलिसकर्मी धक्का देकर भगा रहे हैं। भाजपाइयों ने यहां तक कह डाला कि अगर इस तरह सपा कार्यकर्ता खड़े होते तो पुलिसकर्मी कुछ नहीं कहते। आरोप-प्रत्यारोप के बीच माहौल काफी गर्म हो गया। जिस पर एसपी ट्रैफिक ने पैरा मिलेट्री फोर्स को तलब कर लिया। फोर्स के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।
ये भी पढ़ें : Moradabad Election Results 2022 : मुरादाबाद मंडल में सपा ने 16 सीटों पर मारी बाजी, 10 जगह फूल खिला
