राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस: जिलाधिकारी ने किया कृमि मुक्ति अभियान का उद्घाटन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमरोहा, अमृत विचार। राजकीय इंटर कॉलेज में जिलाधिकारी बाल कृष्ण त्रिपाठी ने कृमि मुक्ति अभियान का उद्घाटन किया। अभियान के पहले दिन जिले में 1-19 वर्ष तक के 578 बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने के लिए एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई गईं। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के सभी पात्र बच्चों को यह गोली अभियान …

अमरोहा, अमृत विचार। राजकीय इंटर कॉलेज में जिलाधिकारी बाल कृष्ण त्रिपाठी ने कृमि मुक्ति अभियान का उद्घाटन किया। अभियान के पहले दिन जिले में 1-19 वर्ष तक के 578 बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने के लिए एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई गईं। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के सभी पात्र बच्चों को यह गोली अभियान चलाकर खिलाई जाएगी।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजय अग्रवाल ने बताया कि राजकीय इंटर कॉलेज के 19 वर्ष तक के बच्चों को शुक्रवार को एल्बेंडाजोल की गोली राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर खिलाई गई। यह अभियान 19 मार्च तक चलेगा। एल्बेंडाजोल की गोली प्रत्येक बच्चे को चबाकर खिलानी होगी। उन्होंने कहा कि किसी बच्चे का गंभीर बीमारी का इलाज चल रहा है और वह नियमित रूप से दवा खा रहा है, कोई भी बच्चा सर्दी, खांसी, बुखार, सांस लेने में तकलीफ से बीमार है तो उसे यह दवा नहीं खिलाई जाएगी।

बताया कि दो वर्ष तक के बच्चों को आधी गोली का चूरा बनाकर पानी के साथ, 2-3 वर्ष तक के बच्चों को एक पूरी गोली चूरा बनाकर पानी के साथ तथा 3-19 वर्ष तक के बच्चों को एक पूरी गोली चबाकर खिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी सरकारी व गैर सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले 1-19 वर्ष तक के करीब 9.23 लाख बच्चों को दवा खिलाई जाएगी। इसके लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा एवं शिक्षकों को प्रशिक्षित किया गया है, जिनकी निगरानी में स्कूलों में दोपहर के भोजन के बाद बच्चों को पेट के कीड़े निकालने की दवा खिलाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि इस दवा के सेवन से छूटे हुए बच्चों को चिह्नित कर उन्हें विद्यालयों व आंगनबाड़ी केन्द्रों पर लाकर दवा खिलाई जाएगी। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी चंद्रशेखर शुक्ला, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. दिनेश कुमार, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजकुमार, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार सिंह, डीपीएम भानु प्रकाश हिमकर, डीसीपीएम मुकर्रब हुसैन, डीआईसी मैनेजर विपुल कुमार, अर्बन हेल्थ कोऑर्डिनेटर एहसान अली, राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य दिनेश कुमार चिकारा आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार