अमरोहा : त्योहार नजदीक आते ही सक्रिय हुआ खाद्य विभाग व ओषधी विभाग, मिठाई की दुकानों पर छापेमारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमरोहा, अमृत विचार। होली का त्योहार नजदीक आते ही खाद्य सुरक्षा और औषधी विभाग फिर सक्रिय हो गया है। उसने लोगों के स्वास्थ्य के खिलाफ खिलवाड़ करने से रोकने के लिए मिलावटखोरों के खिलाफ ताबड़तोड़ अभियान चालू कर दिया है। शनिवार को जिलाधिकारी के निर्देश पर अभिहित अधिकारी सुनील कुमार और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी …

अमरोहा, अमृत विचार। होली का त्योहार नजदीक आते ही खाद्य सुरक्षा और औषधी विभाग फिर सक्रिय हो गया है। उसने लोगों के स्वास्थ्य के खिलाफ खिलवाड़ करने से रोकने के लिए मिलावटखोरों के खिलाफ ताबड़तोड़ अभियान चालू कर दिया है।

शनिवार को जिलाधिकारी के निर्देश पर अभिहित अधिकारी सुनील कुमार और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने तहसील धनौरा में छापामार कार्रवाई की। टीम ने गजरौला में जहीर पुत्र सदीक से मिश्रित दूध का नमूना जांच के लिए लिया। उसके बाद गजरौला के ही अवंतिका नगर में गणपति ट्रेडर्स पर छापामार कर मौके पर दुकान में बिक्री हेतु रखी सौंफ और हल्दी पाउडर का नमूना लिया।

खाद गुर्जर स्थित बेस्ट स्वीट्स एंड नमकीन पर टीम ने छापामार कार्रवाई करते हुए सुनील कुमार पुत्र रामवीर सिंह की मिठाई की दुकान से मावे तथा राहुल मिष्ठान भंडार से खोये तथा शगुन स्वीट कॉर्नर पर संतराम से खोए का नमूना जांच के लिए लिया। खाद गुर्जर पर ही स्थित आराध्य ट्रेडर्स की किराना की दुकान से बेसन का नमूना जांच के लिये लिया गया। टीम की कार्रवाई से वहां की दुकानें बंद हो गई।

फिर टीम द्वारा चुचेला की तरफ रुख किया गया। वहां स्थित दीनू स्वीट्स पर छापामार कार्रवाई कर मिठाई बनाने हेतु रखी मावा का नमूना व इमरान स्वीट कॉर्नर से सफेद रसगुल्ले का नमूना जांच के लिए लिया। अलग-अलग मिठाई की दुकानों से दूषित 20 किलो के लगभग रसगुल्ला और 8 किलो खोवा नष्ट कराया गया। अभिहित अधिकारी सुनील कुमार ने आम जनता से अपील की कि वे उतनी ही मिठाई खरीदें, जितनी आवश्यकता हो। खाद्य सचल टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी पीके जयंत, यदुवीर सिंह, तन्मय अग्रहरि, महेश कुमार आदि रहे।

छापामार कार्रवाई होली के त्योहार के मद्देनजर लगातार जारी रहेगी। सभी नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। दुकानदारों से साफ-सुथरी मिठाई, मावा और गुजिया बनाने व बेचने के लिए निर्देशित किया।

 

संबंधित समाचार