बहराइच: राष्ट्रीय लोक अदालत में 14265 मुकदमों का हुआ निस्तारण
बहराइच। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार प्रभारी जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण राकेश कुमार षष्टम की अध्यक्षता तथा सुरजन सिंह तृतीय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/नोडल अधिकारी लोक अदालत के मार्गदर्शन में जिले में शनिवार राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन हुआ। बहराइच में आयोजित लोक अदालत में कुल 14265 मुकदमों का …
बहराइच। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार प्रभारी जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण राकेश कुमार षष्टम की अध्यक्षता तथा सुरजन सिंह तृतीय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/नोडल अधिकारी लोक अदालत के मार्गदर्शन में जिले में शनिवार राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन हुआ।
बहराइच में आयोजित लोक अदालत में कुल 14265 मुकदमों का निस्तारण किया गया। राष्ट्रीय लोक अदालत में परिवार न्यायालय द्वारा कुल 79 पारिवारिक वादों का निस्तारण किया गया। जिसमें 60 वाद ऐसे थे जो न्यायालय में लम्बित थे। न्यायालय के सहयोग से पक्षकारों के मध्य सुलह-वार्ता हुई तथा 60 वैवाहिक जोड़े खुशी-खुशी साथ रहने को तैयार हो गये। तीन वाद ऐसे थे, जिनमें पक्षकारो द्वारा कोई मुकदमा भी नहीं दायर किया गया और अपने विवाद का विवरण देते हुए मात्र एक प्रार्थना-पत्र जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बहराइच में प्रस्तुत किया गया।

उनके मध्य सुलहवार्ता हेतु तत्काल न्यायिक पीठ का गठन किया गया और न्यायिक पीठ द्वारा पक्षकारों को बुलाकर सुलह-समझौता कराने का प्रयास किया गया। तीन वैवाहिक जोड़े अपने विवाद को भूलकर साथ रहने को तैयार हो गये तथा न्यायिक पीठ द्वारा प्री-लिटिगेशन स्तर पर ही उनके विवाद का निस्तारण कर दिया गया। राष्ट्रीय लोक अदालत में मोटर दुर्घटना प्रतिकर के 51, सिविल के 60 वाद, फौजदारी के 4917 मुकदमें, बैंक रिकवरी के 535 मामले, बिजली बिल से सम्बन्धित 18 मामले, 11629 राजस्व विवाद, जल बिल से सम्बन्धित 102 वादों का निस्तारण किया गया।
इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय लोक अदालत में अध्यक्ष, जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग द्वारा 12 मुकदमों का निस्तारण किया गया। लोक अदालत में सेटेलमेन्ट की कुल धनराशि 9,56,90,997 रही तथा रू. 15,971,926/- धनराशि के कुल 37 उत्तराधिकार प्रमाण-पत्र जारी किये गये।
इससे पूर्व राष्ट्रीय लोक अदालत कार्यक्रम का प्रभारी जनपद न्यायाधीष द्वारा दीप प्रज्जवलित कर शुभारम्भ किया गया। राष्ट्रीय लोक अदालत में न्यायालय परिसर में जगह-जगह पर हेल्पडेस्क बनाये गये, जिनके द्वारा वादकारियों को आवश्यक सहायता प्रदान की गयी। आयोजन के दौरान केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा जारी कोरोना प्रोटोकाल के अनुपालन का विषेश ध्यान रखा गया व सोशल डिस्टेन्सिंग का कड़ाई से पालन कराने हेतु न्यायालय परिसर में जगह-जगह पर पुलिस फोर्स भी मुस्तैद रही।
प्रभारी जनपद न्यायाधीश तथा तृतीय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/नोडल अधिकारी, लोक अदालत व श्रीमती शिखा यादव, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा इस राष्ट्रीय लोक अदालत को अत्यधिक सफल बनाने हेतु समस्त न्यायिक अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस प्रशासन, अधिवक्तागण, बैंक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं वादकारियों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
यह भी पढ़ें: बरेली: होली और शब-ए-बारात को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट, जुलूसों पर रहेगी पैनी नजर
