रामपुर : गैस सिलेंडर फटने से महिला समेत तीन लोग झुलसे
रामपुर/शाहबाद, अमृत विचार। ढकिया चौकी क्षेत्र के गांव परौता में घरेलू गैस सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा हो गया। सिलेंडर फटने के समय पर घर में महिला समेत तीन लोग मौजूद थे। हादसे में तीनों लोग बुरी तरह झुलस गए। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती करवाया गया। जहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक …
रामपुर/शाहबाद, अमृत विचार। ढकिया चौकी क्षेत्र के गांव परौता में घरेलू गैस सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा हो गया। सिलेंडर फटने के समय पर घर में महिला समेत तीन लोग मौजूद थे। हादसे में तीनों लोग बुरी तरह झुलस गए। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती करवाया गया। जहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार कर हालत नाजुक होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। गांव निवासी ज्ञान देवी अपने घर में खाना बना रही थी।इस दौरान ज्ञान देवी के पति दर्शन व बेटा अवनेश भी घर पर मौजूद थे।
खाना बनाते समय अचानक रसोई गैस सिलेंडर फट गया।विस्फोट की तेज आवाज से गांव में अफरा तफरी मच गई। ग्रामीणों ने इकट्ठा होकर आग बुझाई और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां से उनको प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि धमाका इतना जोरदार था कि घर में रखा सारा सामान तहस-नहस हो गया। साथ ही घर कच्चा होने के कारण घर की छत गिर गई और दरवाजे-खिड़की भी जलकर राख हो गए।
विस्फोट की आवाज सुन ग्रामीणों में मची अफरा-तफरी
ग्रामीणों ने बताया कि अचानक विस्फोट की आवाज सुनकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। इतनी देर में कुछ समझ पाते कि दर्शन के घर से आग की लपटें निकलने लगीं। मौके पर जाकर देखा तो समझ आया कि रसोई गैस सिलेंडर फटने से यह विस्फोट हुआ है। देखते ही देखते आग की लपटों ने विकराल रूप ले लिया। ग्रामीणों की काफी मशक्कत के बाद बमुश्किल आग पर काबू पाया गया।
मकान बनाने के लिए रखे साठ हजार रुपये भी जलकर हुए राख
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि गौरव कुमार ने बताया कि दर्शन का मकान कच्चा था। मकान बनबाने के लिए दर्शन ने कुछ दिन पहले ही अपने खेत में खड़े पेड़ कटवाए थे। जिनको बेचकर उसने साठ हजार रुपये घर पर लाकर रखे थे। हादसे में दर्शन का कच्चा मकान तो क्षतिग्रस्त हो ही गया था। साथ ही घर में रखे साठ हजार रुपये के साथ उसका मकान बनाने का सपना भी जलकर राख हो गया।
