जसपुर: रात में बिना वर्दी के पीड़ित के घर में घुसने पर जसपुर के कोतवाल निलंबित
जसपुर, अमृत विचार। रात्रि के दौरान एक घर में बिना वर्दी के घुसने के आरोप के चलते कोतवाल नवीन सिंह देउपा को निलंबित कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार कोतवाल नवीन सिंह देउपा रात्रि के दौरान एक महिला द्वारा फोन किये जाने पर बिना वर्दी के अकेले ही नगर के मोहल्ला नई बस्ती के …
जसपुर, अमृत विचार। रात्रि के दौरान एक घर में बिना वर्दी के घुसने के आरोप के चलते कोतवाल नवीन सिंह देउपा को निलंबित कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार कोतवाल नवीन सिंह देउपा रात्रि के दौरान एक महिला द्वारा फोन किये जाने पर बिना वर्दी के अकेले ही नगर के मोहल्ला नई बस्ती के एक घर में स्मैक पकड़ने गये थे। जहां उल्टे उन की ही वीडीओ बना ली गई।
बाद में मौके की नजाकत को भांप कर उन्होंने फोन पर पुलिस को मौके पर बुला कर अपना बचाव किया और किसी तरह वहां से जान बचा कर भागे। जिससे संबंधित वीडियो वायरल हो रहा है। एसएसपी बरिंदरजीत सिंह ने वायरल वीडीओ का संज्ञान लेते हुए कोतवाल नवीन सिंह देउपा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस मामले में एसएसपी बरिंदरजीत सिंह से दूरभाष पर वार्ता करने का प्रयास किया गया लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया। वहीं, कोतवाल नवीन सिंह देउपा ने कुछ बताने या आरोपों को लेकर किसी तरह की कोई सफाई पेश करने से इनकार कर दिया।
इधर, एएसपी काशीपुर चंद्र मोहन ने उनके निलंबन की पुष्टि करते हुए कहा कि उनके स्थान पर गदरपुर के इंस्पेक्टर विजेंद्र शाह को भेजा गया है। उन्होंने कहा कि वैसे तो रुटीन में जनपद के कई पुलिस अधिकारियों के स्थानांतरण हुए हैं। लेकिन जसपुर कोतवाल को उन पर लगे रात्रि में एक घर में घुसने के आरोप को लेकर निलंबित किया गया है। उन्होंने कहा कि निलंबित कोतवाल पर लगे आरोपों की जांच के बाद ही आरोपों के सम्बन्ध में कुछ कहा जा सकेगा।
