लखनऊ: उप्र में स्थापित होंगे छह धन्वंतरि मेगा हेल्थ पार्क, एमबीबीएस की सीटें होंगी दोगुनी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार राज्य के हर जिले में आधुनिक विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं से युक्त सरकारी मेडिकल कॉलेजों की स्थापना के लक्ष्य को पूरा करेगी। सरकार फिर से हेल्थ सेक्टर को बढ़ावा देगी। यूपी में लगभग 30 हजार करोड़ के निवेश के साथ छह धन्वंतरि मेगा हेल्थ पार्क स्थापित किये जायेंगे, जिनके तहत बड़े पैमाने …
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार राज्य के हर जिले में आधुनिक विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं से युक्त सरकारी मेडिकल कॉलेजों की स्थापना के लक्ष्य को पूरा करेगी। सरकार फिर से हेल्थ सेक्टर को बढ़ावा देगी। यूपी में लगभग 30 हजार करोड़ के निवेश के साथ छह धन्वंतरि मेगा हेल्थ पार्क स्थापित किये जायेंगे, जिनके तहत बड़े पैमाने पर स्वास्थ्य व सर्जिकल उपकरणों और दवाओं जैसी चिकित्सीय सुविधाओं के उत्पादन का विस्तार कर प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाया जायेगा।
राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने बुधवार को यहां बताया कि प्रदेश में 10 हजार करोड़ रुपये की लागत के साथ महर्षि सुश्रुत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत हर स्तर पर सुचारु स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण और नवीनीकरण किया जायेगा। प्रदेश में एमबीबीएस जैसे मेडिकल पाठ्यक्रमों के लिए सीटों की संख्या को दोगुना करने के साथ ही छह हजार डॉक्टरों व 10 हजार पैरामेडिकल स्टाफ की नियुक्ति की जायेगी।
इसके साथ ही यूपी में अत्याधुनिक लाइफ सपोर्ट सुविधा से लैस एम्बुलेंस की संख्या को दोगुना, हर जिले में डायलिसिस केंद्र, 2025 तक टीबी मुक्त प्रदेश के साथ जन औषधि केंद्र के नेटवर्क का विस्तार कर सभी नागरिकों को कम कीमत में जरूरी दवाइयां उपलब्ध करायी जायेंगी।
यह भी पढ़ें: लखनऊ: प्रदेश के 15 करोड़ लोगों को मिलता रहेगा मुफ्त राशन, शपथ लेते ही योगी लेंगे फैसला
