अयोध्या: परिषदीय स्कूलों में परीक्षा की तारीखों को लेकर विडंबना, जानें कब से होगी शुरू
अयोध्या। बेसिक शिक्षा विभाग का गजब हाल है। 15 मार्च को सचिव ने आदेश जारी किया। 17 को जिला बेसिक शिक्षा विभाग ने। परिषदीय स्कूलों में परीक्षा की अधिकृत घोषणा सोमवार को की गई, जबकि परीक्षा 22 से शुरू हो रही है। ऐसे में सहज अंदाजा लगाया जा सकता है कि परीक्षा को लेकर कितनी …
अयोध्या। बेसिक शिक्षा विभाग का गजब हाल है। 15 मार्च को सचिव ने आदेश जारी किया। 17 को जिला बेसिक शिक्षा विभाग ने। परिषदीय स्कूलों में परीक्षा की अधिकृत घोषणा सोमवार को की गई, जबकि परीक्षा 22 से शुरू हो रही है। ऐसे में सहज अंदाजा लगाया जा सकता है कि परीक्षा को लेकर कितनी और कैसे तैयारियां हुई होगी।
बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से सोमवार को परिषदीय विद्यालयों की परीक्षा का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। यह परीक्षाएं 22 से शुरू होकर 26 मार्च तक चलेंगी। कोरोना महामारी के चलते यह परीक्षाएं दो वर्ष बाद हो रही हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष देव पांडेय ने निर्धारित समय सारिणी के अनुसार परीक्षा सम्पन्न कराने के निर्देश खंड शिक्षा अधिकारियों को दिए हैं।
परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों की वार्षिक परीक्षा दो पालियों में होगी। जिले के 1790 प्राथमिक और जूनियर विद्यालयों कुल 2 लाख 39 हजार छात्र छात्राएं पंजीकृत हैं, जो मंगलवार से शुरू हो रही वार्षिक परीक्षा में शामिल होंगे। बीएसए ने बताया कि कक्षा एक में केवल मौखिक परीक्षा होगी। कक्षा दो और तीन के लिए परीक्षा के लिए 50 प्रतिशत लिखित और 50 प्रतिशत मौखिक प्रश्न पत्र होंगे। कक्षा 4 से 5 के लिए लिखित 70 और मौखिक 30 प्रतिशत का प्रश्न पत्र होगा। इसके अलावा कक्षा 6,7 और 8 के लिए केवल लिखित परीक्षा होगी। सभी मौखिक परीक्षा की प्रश्नोत्तरी स्कूल स्तर पर तैयार होगी। बीएसए ने बताया कि परीक्षा की निगरानी के लिए सभी ब्लाकों खंड शिक्षा अधिकारियों को लगाया गया है।
बोर्ड परीक्षा में ड्यूटी तो कैसे होगी परिषदीय परीक्षा
बेसिक शिक्षा विभाग की वार्षिक परीक्षा को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। परिषदीय स्कूलों के शिक्षकों को बोर्ड परीक्षा में आंतरिक कक्ष निरीक्षक बनाया गया है। ऐसे में वे परिषदीय स्कूलों की परीक्षा कैसे करायेंगे। इसे लेकर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष नीलमणि त्रिपाठी ने कहा इससे शिक्षकों में भ्रम एवं असंतोष है। उनका कहना है जब समस्त शिक्षक बोर्ड की परीक्षा में ड्यूटी करेंगे तो विद्यालय कैसे खुलेंगे और वार्षिक परीक्षा कैसे संपन्न होगी।
यह भी पढ़ें-बाराबंकी: 24 मार्च से शुरू होंगी बोर्ड परीक्षाएं, 13 परीक्षा केंद्र संवेदनशील घोषित
