मुरादाबाद: ई-कचरे पर शहर में लगेगी रोक, पकड़ी गई गाड़ियां तो संबंधित थानेदार पर होगी कार्रवाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। गर्मी शुरू होने के साथ ही महानगर की आबो-हवा को प्रदूषित करने वाले ई-कचरे के कारोबार पर शिकंजा कसने का एक और प्रयास किया गया है। अवैध तरीके से यह कारोबार करने वालों पर रासुका लगाने के साथ ही कचरे से भरी गाड़ियों की शहर में प्रवेश रोकने के लिए बाहरी सीमाओं …

मुरादाबाद, अमृत विचार। गर्मी शुरू होने के साथ ही महानगर की आबो-हवा को प्रदूषित करने वाले ई-कचरे के कारोबार पर शिकंजा कसने का एक और प्रयास किया गया है। अवैध तरीके से यह कारोबार करने वालों पर रासुका लगाने के साथ ही कचरे से भरी गाड़ियों की शहर में प्रवेश रोकने के लिए बाहरी सीमाओं पर पुलिस मुस्तैद रहेगी। खासतौर पर दिल्ली रोड व जीरो प्वाइंट से शहर के अंदर प्रवेश करने वाले लोडर व अन्य छोटे वाहनों को चेक किया जाएगा। एसएसपी ने इसके लिए सभी थानेदारों को आदेश कर दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी है कि जिस क्षेत्र में ई-कचरे से भरी गाड़ियां पकड़ी गई तो संबंधित थानेदार पर भी कार्रवाई की जाएगी।

महानगर में ई-कचरे का कारोबार लंबे समय से चल रहा है। खासतौर पर कटघर, मुगलपुरा, गलशहीद और भोजपुर थाना क्षेत्र में रामगंगा नदी के किनारे के तमाम ऐसे इलाके हैं, जहां पर कचरा गलाने की भट्टियां धड़ल्ले से धधक रही हैं। इन भट्टियों से निकलने वाला जहरीला धुआं शहर की आबो हवा को खराब कर रहा है। लाकडाउन के बाद भट्टियां सुलगने से लगातार एक्यूआई लगातार बढ़ रही है। वहीं रामगंगा नदी किनारे रहने वाले लोग सांस व फेफड़ों की बीमारी से संक्रमित हो रहे हैं।

कचरा कारोबारियों पर रासुका लगाने के हो चुके हैं आदेश
गर्मी शुरू होने के साथ ही केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों ने इस संबंध में एसएसपी को पत्र भेजा है। उनका तर्क है कि अगर अवैध तरीके से होने वाले ई-कचरे के कारोबार पर शिकंजा कस जाए तो काफी हद तक वायुमंडल को प्रदूषित होने से रोका जा सकता है। लिहाजा एसएसपी बबलू कुमार ने सभी थानेदारों को आदेश दिए हैं कि ई-कचरा के कारोबार में पकड़े जाने वालों पर रासुका के तहत कार्रवाई हो। जिस वाहन पर कचरा पकड़ा जाए, उसके मालिक के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज की जाए।

अब शहर की बाहरी सीमाओं पर चौकसी बढ़ाने की तैयारी कर ली गई है। एसएसपी के अनुसार अधिकतर ई-कचरा दिल्ली की ओर से आता है। लिहाजा दिल्ली रोड व जीरो प्वाइंट से इंट्री करने वाले वाहनों, जिसमें छोटा हाथी और लोडर के अलावा अन्य छोटे वाहनों को चेक किया जाएगा। वहीं उत्तराखंड से आने वाले वाहनों को रामपुर दोराहा के पास चेक किया जाएगा। इसके अलावा सभी थानेदारों को अपने-अपने क्षेत्र में इस कारोबार पर शिकंजा कसने के आदेश दिए गए हैं। चेतावनी दी है कि इसके बाद भी अगर ई कचरे से भरी गाड़ियां पकड़ी जाती हैं तो संबंधित थानेदार पर कार्रवाई होगी।

ई-कचरे का कारोबार रोकने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। थानेदारों को सख्त चेतावनी दी गई है कि चेकिंग कर कचरे से भरी गाड़ियों को पकड़े। इसके बाद भी ई-कचरे से भरी गाड़ी जिस क्षेत्र में मिलेगी तो संबंधित थानेदार पर भी कार्रवाई की जाएगी।– बबलू कुमार, एसएसपी

संबंधित समाचार