भुखमरी की कगार पर श्रीलंका, भारत की ओर पलायन कर रहे लोग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। श्रीलंका आर्थिक तंगी से जूझ रहा है जिसके चलते महंगाई चरम पर है और देश में खाने-पीने की चीजों के दाम आसमान छूने लगे हैं। इसके चलते देश में लोगों के लिए पेट भर पाना मुश्किल हो रहा है। महंगाई और आर्थिक संकट से मजबूर लोग अपना देश छोड़ भारत का रुख कर …

नई दिल्ली। श्रीलंका आर्थिक तंगी से जूझ रहा है जिसके चलते महंगाई चरम पर है और देश में खाने-पीने की चीजों के दाम आसमान छूने लगे हैं। इसके चलते देश में लोगों के लिए पेट भर पाना मुश्किल हो रहा है। महंगाई और आर्थिक संकट से मजबूर लोग अपना देश छोड़ भारत का रुख कर रहे हैं। मंगलवार को 16 श्रीलंकाई तमिल नागरिक अपना देश छोड़ काफी पैसे देकर नाव से तमिलनाडु के तट पर पहुंचे। इन लोगों में चार महीने का एक नवजात भी शामिल था।

श्रीलंका के जाफना और तलाईमन्नार से ये लोग दो ग्रुप में तमिलनाडु पहुंचे। पहले ग्रुप में तीन बच्चों समेत छह लोग शामिल थे। श्रीलंका से आए इन लोगों में एक कपल भी शामिल था, जिसका चार माह का एक बेटा है। ये सभी लोग फाइबर की नाव से तट पर पहुंचे जहां तटरक्षक बलों ने उन्हें रेस्क्यू किया। दूसरे ग्रुप में पांच बच्चों और तीन महिलाओं समेत 10 लोग शामिल थे। छह लोगों के ग्रुप ने भारत में अधिकारियों से बताया कि सभी जरूरी वस्तुओं की कीमतें बढ़ गई हैं। बेरोजगारी भी चरम पर है, इसलिए उन्होंने अपना देश छोड़ दिया।

खबर के मुताबिक, मन्नार के एक कार्यकर्ता वी एस शिवकरण ने चेतावनी दी कि ये पलायन की शुरुआत है। उन्होंने कहा, ‘बहुत से लोग जिन्हें मैं जानता हूं, वो श्रीलंका से पलायन करने की योजना बना रहे हैं। इनमें से कुछ लोगों के रिश्तेदार भारत के रिफ्यूजी कैंपों में मौजूद हैं और कुछ लोगों की जान-पहचान के लोग तमिलनाडु में रह रहे हैं। लोग अपने आने वाले कल को लेकर डरे हुए हैं।

ये भी पढ़ें : Ukraine-Russia War : फ्रांस ने यूक्रेन के लिए राहत वाहन और सामग्री भेजी

संबंधित समाचार