पीलीभीत: शिकायतों का अंबार और नप गए सुनगढ़ी और जहानाबाद कोतवाल
अमृत विचार, पीलीभीत। शिकायतों की फेहरिस्त बढ़ने के बाद अधिकारियों की रडार पर आए सुनगढ़ी इंस्पेक्टर श्रीकांत द्विवेदी और जहानाबाद इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह कटियार पर आखिरकार गाज गिर ही गई। आचार संहिता हटते ही दोनों को एसपी दिनेश कुमार पी ने लाइन हाजिर कर दिया है। उनके स्थान पर इंस्पेक्टर बलवीर सिंह को सुनगढ़ी, जबकि …
अमृत विचार, पीलीभीत। शिकायतों की फेहरिस्त बढ़ने के बाद अधिकारियों की रडार पर आए सुनगढ़ी इंस्पेक्टर श्रीकांत द्विवेदी और जहानाबाद इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह कटियार पर आखिरकार गाज गिर ही गई। आचार संहिता हटते ही दोनों को एसपी दिनेश कुमार पी ने लाइन हाजिर कर दिया है। उनके स्थान पर इंस्पेक्टर बलवीर सिंह को सुनगढ़ी, जबकि प्रभास चंद्र को जहानाबद थाने का प्रभारी बनाया है। एसपी की ओर से की गई कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मचा रहा। बता दें कि विधानसभा चुनाव के दौरान दोनों की शिकायतें हुई थी।
इंस्पेक्टर श्रीकांत द्विवेदी करीब एक साल से सुनगढ़ी थाने में तैनात थे। इससे पहले वह सदर कोतवाली में भी रहे थे। उनकी छवि एक तेज तर्रार इंस्पेक्टर के तौर पर थी। मगर, पिछले कुछ दिनों से उनकी शिकायतें पहुंचना शुरू हो गईं थी। फरियादियों से अभद्रता कर टरकाने के भी मामले भी अधिकारियों के पास पहुंचे। बेशकीमती जमीन से जुड़े एक मामले में उनकी भूमिका पर संदेह जताते हुए एक पक्ष ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की थी।
इसे लेकर भी उनकी मुश्किल बढ़ना तय माना गया था। आचार संहिता लागू के चलते कार्रवाई टलने की चर्चाएं तेज थी। इसी बीच मतदान से पहले भाजपा विधायक संजय सिंह गंगवार ने भी उनकी फटकार लगा दी थी। दूसरे दल के प्रत्याशी की ओर से शराब बांटने की शिकायत पर कार्रवाई में टालमटोल का आरोप लगाया था। विधायक खुद थाने पहुंचे थे और नाराजगी जताई थी। इस मामले को लेकर भी उन पर कार्रवाई के कयास लगाए जाने लगे थे।
इसी तरह से जहानाबाद इंस्पेक्टर की भी कई शिकायतें एसपी तक पहुंची थी। भाजपा चेयरमैन जहानाबाद ममता गुप्ता की ओर से उनकी शिकायत की गई थी। इसके अलावा एक अधिवक्ता पर लिखी रिपोर्ट को लेकर भी शिकायत हुई थी। वहीं, चुनाव में भी इनकी शिकायत सपा नेताओं की ओर से की गई थी। आचार संहिता हटने के बाद इन दोनों के हटाए जाने पर पुलिस विभाग में ही चर्चाएं बढ़ गई थी। अब दोनों के लाइन हाजिर होने पर अटकलों पर विराम लग गया है।
ये भी पढ़ें-
