पीलीभीत: लेनदेन की बातचीत के वीडियो ने बढ़ाई ईओ की टेंशन, कार्रवाई तय

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। दुकान का नाम परिवर्तन करने के लिए लेनदेन की बात करने का वीडियो और ऑडियो बनने पर घिरे नगर पालिका ईओ सुरेंद्र प्रताप की मुश्किल बढ़ना तय है। सिटी मजिस्ट्रेट से जांच आख्या मिलने के बाद डीएम ने ईओ पर विभागीय कार्रवाई की संस्तुति शासन से की है। शहर के मोहल्ला खुशीमल …

पीलीभीत, अमृत विचार। दुकान का नाम परिवर्तन करने के लिए लेनदेन की बात करने का वीडियो और ऑडियो बनने पर घिरे नगर पालिका ईओ सुरेंद्र प्रताप की मुश्किल बढ़ना तय है। सिटी मजिस्ट्रेट से जांच आख्या मिलने के बाद डीएम ने ईओ पर विभागीय कार्रवाई की संस्तुति शासन से की है।

शहर के मोहल्ला खुशीमल निवासी राजीव गुप्ता ने ऑनलाइन शिकायत की थी। जिसमें नगर पालिका के सम्पत्ति रजिस्टर से जुड़ी शिकायत थी। ईओ पर आरोप था कि शहर के रेलवे स्टेशन रोड पर स्थित एक दुकान का नाम परिवर्तन करने के लिए मोटी रकम मांगी गई। इसकी ऑडियो व वीडियो रिकार्ड कर ली गई थी। जिसे साक्ष्य के तौर पर पेश किया गया था। डीएम पुलकित खरे ने मामला संज्ञान में लिया और जांच सिटी मजिस्ट्रेट डा. राजेश कुमार को दी थी। सिटी मजिस्ट्रेट ने शिकायतकर्ता का बयान लिया।

नगर पालिका ईओ सुरेंद्र प्रताप से जवाब तलब किया गया था। इससे जुड़े अन्य कर्मचारियों के भी बयान लिए गए और अभिलेख चेक किए गए थे। सभी पक्षों का जवाब मिलने और अभिलेखीय साक्ष्यों का अवलोकन किया गया। शिकायतकर्ता द्वारा बयान के दौरान मुहैया कराए गए आडियो व वीडियो को सुना गया, जिसमें ईओ द्वारा अवैध धन के लेनदेन की बात की जा रही थी। जिसे सरकारी सेवक आचारण नियमावली के विरूद्व माना गया। सिटी मजिस्ट्रेट से जांच आख्या मिलने के बाद डीएम ने सख्त कदम उठाया है। ईओ सुरेंद्र प्रताप के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की गईहै। जिसकी रिपोर्ट शासन को भेज दी है।

आईजीआरएस पर ऑनलाइन शिकायत मिली थी। जिसकी जांच सिटी मजिस्ट्रेट से कराई गई थी। ईओ द्वारा अवैध धन के लेन देन की बात करना पाया गया है। विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की गई है। – पुलकित खरे, डीएम

इसे भी पढ़ें-

पीलीभीत: सुनगढ़ी, जहानाबाद के बाद सेहरामऊ एसओ पर गिरी गाज

 

संबंधित समाचार